विधायक ने लगाया आबकारी विभाग के उप निरीक्षक और प्रधान आरक्षक पर वसूली का आरोप

कोरबा : जिले में आबकारी विभाग बीते कुछ महीनों से चर्चा में रहे हैं बावजूद इसके विभाग के दो अधिकारियों पर फिर से वनांचल क्षेत्र के आदिवासी ग्रामीणों से अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगे हैं. रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक फूलसिंह राठिया ने इस मामले को लेकर कलेक्टर को पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.

विधायक फूल सिंह राठिया द्वारा भेजे गए पत्र में आरोप लगाया गया है कि आबकारी विभाग में पदस्थ उप निरीक्षक जया मेहर देवांगन और प्रधान आरक्षक संतोष राठौर द्वारा क्षेत्र के भोले-भाले आदिवासी ग्रामीणों को जेल भेजने का डर दिखाकर अवैध रूप से पैसों की मांग की जा रही है.ग्रामीणों का कहना है कि पैसे नहीं देने पर झूठे प्रकरण दर्ज कर जेल भेजने की धमकी दी जाती है.

पत्र में यह भी उल्लेख है कि कुछ दिन पहले ग्राम पंचायत बरपाली में ग्रामीणों और आबकारी विभाग के बीच विवाद की स्थिति बनी थी.इस दौरान आबकारी विभाग ने गरीब आदिवासी ग्रामीणों और ग्राम पंचायत के सरपंच के खिलाफ श्यांग थाना में शिकायत दर्ज कराई.विधायक का कहना है कि यह कार्रवाई दबाव बनाने और भय का माहौल पैदा करने के उद्देश्य से की गई है.

विधायक फूलसिंह राठिया ने आरोप लगाया है कि संबंधित अधिकारी अपने पद का दुरुपयोग कर रहे हैं और उन्हें कानून का कोई भय नहीं है.उन्होंने पूरे मामले को गंभीर बताते हुए प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है.

अब इस मामले में जिला प्रशासन की भूमिका अहम मानी जा रही है.यदि निष्पक्ष जांच होती है तो आदिवासी क्षेत्रों में लंबे समय से चली आ रही कथित अवैध वसूली की परतें खुल सकती हैं.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com