विधायक रिकेश सेन के बड़े भाई दिनेश सेन नहीं रहे, शाम 4 बजे अंतिम यात्रा, CM विष्णुदेव साय ने जताया दुःख

दुर्ग/भिलाई। वैशाली नगर (भिलाई) से विधायक रिकेश सेन के बड़े भाई दिनेश सेन का रविवार देर रात इलाज के दौरान निधन हो गया। इस दुखद समाचार के बाद परिवार, समर्थकों और राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। विधायक ने स्वयं सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने बड़े भाई के निधन की जानकारी साझा की।

अस्पताल में इलाज के दौरान ली अंतिम सांस

विधायक रिकेश सेन ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि अत्यंत दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि उनके बड़े भाई श्री दिनेश सेन का 17 मई 2026 की रात अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। इस खबर के सामने आते ही बड़ी संख्या में समर्थकों और शुभचिंतकों ने शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया शोक

विष्णुदेव साय ने X पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि वैशाली नगर विधायक श्री रिकेश सेन जी के बड़े भाई दिनेश सेन जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

शाम 4 बजे निकलेगी अंतिम यात्रा

परिवार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, दिवंगत दिनेश सेन की अंतिम यात्रा वैशाली नगर स्थित निवास से शाम 4 बजे निकलेगी, जो राम नगर मुक्तिधाम, भिलाई पहुंचेगी। अंतिम दर्शन के लिए समर्थकों, परिचितों और क्षेत्रवासियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com