Monsoon Tips- मानसून की सीलन और बदबू को कहें अलविदा ! नींबू की पत्तियाँ हैं सबसे असरदार देसी नुस्खा

Monsoon Tips-मानसून का मौसम एक ओर जहां राहत और ठंडक लेकर आता है, वहीं दूसरी ओर नमी और सीलन की बदबू से घर का माहौल भारी और असहज बना देता है। चाहे फर्श हो, अलमारी हो या बाथरूम, हर जगह से अजीब-सी गंध उठने लगती है जिसे आम क्लीनिंग प्रोडक्ट्स भी पूरी तरह खत्म नहीं कर पाते।
लेकिन इस समस्या का एक सस्ता, असरदार और 100% नैचुरल समाधान है – नींबू की पत्तियाँ।
नींबू के पत्तों में पाए जाने वाले नेचुरल ऑयल्स, एंटीबैक्टीरियल और एंटीसेप्टिक गुण वातावरण की गंध को न सिर्फ सोखते हैं, बल्कि कमरे में एक प्राकृतिक, ताजगी भरी सिट्रसी खुशबू भी घोल देते हैं। खास बात ये है कि ये उपाय ना तो महंगे हैं, ना ही इनमें किसी केमिकल का इस्तेमाल होता है।
अगर आपके घर में मानसून के मौसम में सीलन की बदबू बनी रहती है, तो सबसे पहले नींबू की ताजगी को अपने पोछे में शामिल करें। ताज़ी नींबू की पत्तियों को हल्का मसलकर गर्म पानी में डालें और उसी से रोज़ाना फर्श साफ करें। कुछ ही दिनों में आप पाएंगे कि सीलन की गंध गायब हो गई है और पूरे घर में एक नैचुरल फ्रेशनैस बनी हुई है।
घर की हवा ताजगी से भर जाएगी,अपनाए ये टिप्स(Monsoon Tips)
एक और बेहद असरदार तरीका है नींबू पत्तियों से बना रूम फ्रेशनर। मुट्ठीभर पत्तियों को पानी में उबालें, छानकर ठंडा करें और उसमें थोड़ा सा नींबू रस मिलाकर स्प्रे बोतल में भरें। इसे पर्दों, बेडशीट्स या फर्नीचर पर हल्का छिड़कें और आप देखेंगे कि घर की हवा अचानक कितनी ताजगी से भर गई है।
यदि आप रूम फ्रेशनर स्प्रे नहीं करना चाहते तो सूखी नींबू की पत्तियों को कपड़े की छोटी थैली में भरकर कमरे के कोनों, अलमारियों या बाथरूम में रख दें। ये पत्तियाँ धीरे-धीरे वातावरण से गंध सोख लेंगी और एक नेचुरल डिऑडोराइज़र की तरह काम करेंगी।
अगर आप इस असर को और बढ़ाना चाहते हैं तो नींबू की पत्तियों को कपूर या लौंग के साथ उबालें और उस पानी से पोछा लगाएँ या स्प्रे करें। यह न केवल बदबू हटाता है, बल्कि एंटीफंगल प्रभाव भी देता है जो मानसून में फंगस और फफूंदी को भी दूर रखता है।
और अगर आपके पास नींबू की पत्तियाँ नहीं हैं, तो घबराएं नहीं। नीम या तुलसी की पत्तियाँ भी लगभग उतना ही प्रभावी काम करती हैं। इनका भी इस्तेमाल आप उसी तरीके से कर सकते हैं।










