शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म, ‘ऑपरेशन मुस्कान’ में मुंगेली पुलिस ने आरोपी को दबोचा

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में पुलिस को ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत बड़ी सफलता मिली है। शादी का झांसा देकर नाबालिग लड़की को भगाने और उसके साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया गया है। पूरा मामला चिल्फी थाना क्षेत्र की डिंडौरी चौकी का है।

नाबालिग के पिता की शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस

जानकारी के मुताबिक 13 मई को पीड़िता के पिता ने चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मामला संवेदनशील होने के चलते पुलिस ने तत्काल अपहरण का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

एसएसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम

नाबालिग बच्ची से जुड़ा मामला सामने आते ही भोजराम पटेल ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस की विशेष टीम तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपी और पीड़िता की तलाश में जुट गई।

मुखबिर की सूचना पर लीलापुर में दबिश

लगातार तलाश के बीच पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि आरोपी ग्राम लीलापुर में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी दुर्गेश साहू उर्फ सुनील को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर लिया।

पीड़िता के बयान के बाद बढ़ीं धाराएं, आरोपी जेल भेजा गया

पूछताछ के दौरान पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसे अपने साथ ले गया और दुष्कर्म किया। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया। इसके बाद 20 वर्षीय आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com