बलौदाबाजार में मनाया गया राष्ट्रीय डेंगू दिवस, लोगों को जागरूक करने चलाया अभियान

बलौदाबाजार जिले में 11वें राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर डेंगू से बचाव और मच्छर जनित बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल में परिचर्चा एवं जागरूकता बैठकों का आयोजन किया गया।

साफ-सफाई और बचाव पर दिया गया जोर

स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, पानी जमा नहीं होने देने और डेंगू के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत अस्पताल से संपर्क करने की सलाह दी गई। साथ ही मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए जरूरी सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी गई।

सुशासन तिहार शिविर में भी दी गई जानकारी

जिले में चल रहे सुशासन तिहार के तहत पलारी के ग्राम कुसमी में आयोजित शिविर में भी ग्रामीणों को डेंगू से बचाव के उपाय बताए गए। स्वास्थ्य कर्मचारियों ने लोगों को जागरूक करते हुए स्रोत नियंत्रण गतिविधियों पर भी काम किया।

मानसून से पहले रोकथाम की तैयारी तेज

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी ने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय डेंगू दिवस की थीम “डेंगू नियंत्रण में सामुदायिक भागीदारी, जांच करें, सफाई करें और ढकें” रखी गई है। वहीं राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. पंकज वर्मा ने कहा कि वर्षा ऋतु में डेंगू फैलने का खतरा अधिक रहता है, इसलिए मानसून से पहले रोकथाम और नियंत्रण गतिविधियों को मजबूत करना बेहद जरूरी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com