जबलपुर रेल मंडल की नई पहल, स्लीपर कोच में भी मिलेगी बेडरोल की सुविधा

जबलपुर रेल मंडल अब लंबी दूरी की सुपरफास्ट ट्रेनों के स्लीपर कोच में भी यात्रियों को बेडरोल (चादर, तकिया और कंबल) उपलब्ध कराने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए रेल मंडल ने निजी कंपनी के माध्यम से व्यवस्था शुरू करने की योजना बनाई है। स्लीपर कोच में इस सुविधा का लाभ केवल यात्रियों की मांग पर मिलेगा और इसके लिए टिकट के अतिरिक्त शुल्क देना होगा।

यदि योजना अनुसार काम हुआ तो तीन माह के भीतर यात्रियों को यह सुविधा मिलने लगेगी। वर्तमान में केवल वातानुकूलित कोच में ही बेडरोल उपलब्ध होता है, जिसका शुल्क टिकट दर में शामिल रहता है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डा. मधुर वर्मा ने बताया कि इस तरह की व्यवस्था पहले दक्षिण रेलवे के चेन्नई मंडल में शुरू की गई थी। जबलपुर रेल मंडल अब दूसरा ऐसा मंडल होगा जो स्लीपर कोच में बेडरोल सुविधा देगा।

रेल मंडल निजी एजेंसी से अनुबंध करेगा और एजेंसी का कर्मचारी ट्रेन में मौजूद रहेगा। यह कर्मचारी यात्रियों की मांग पर चादर, तकिया और कंबल उपलब्ध कराएगा और निर्धारित शुल्क लिया जाएगा।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com