इंदौर में बर्थडे पार्टी पर पुलिस का छापा, आयोजक फरार, रिसोर्ट मैनेजर गिरफ्तार

इंदौर के भंवरकुआं क्षेत्र में देर रात चल रही एक हाई प्रोफाइल बर्थडे पार्टी पर पुलिस ने छापा मारकर कार्रवाई की। मौके से बर्थडे पार्टी का आयोजक फरार हो गया, जबकि रिसोर्ट मैनेजर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। शराब और नशे के बीच चल रही इस पार्टी में मौजूद युवक-युवतियों से पूछताछ कर उनके नाम-पते दर्ज किए गए।
पुलिस को सूचना मिली थी कि नेमावर रोड स्थित एक रिसोर्ट में देर रात शोर-शराबे और नशे के साथ पार्टी चल रही है। सूचना के बाद रात्रि गश्त कर रही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रिसोर्ट में दबिश दी। छापे के दौरान कई युवक-युवतियां शराब के नशे में हंगामा करते मिले।
पुलिस जांच में सामने आया कि पार्टी का आयोजन एक युवक के जन्मदिन के मौके पर किया गया था, जिसमें करीब 35 लोगों को बुलाया गया था। पुलिस को देखकर आयोजक मौके से फरार हो गया। रिसोर्ट के मैनेजर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद आयोजक, रिसोर्ट मालिक और मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि रिसोर्ट के कुछ कमरों में भी नशे की गतिविधियां पाई गईं। फिलहाल फरार आयोजक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।









