पेट्रोल-डीजल ने फिर बिगाड़ा बजट: 5 दिन में दूसरी बढ़ोतरी से जनता परेशान

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर साफ दिखाई देने लगा है। मंगलवार 19 मई को तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के नए रेट जारी किए, जिसके बाद छत्तीसगढ़ समेत देशभर में ईंधन महंगा हो गया। नई कीमतें आज सुबह से ही लागू कर दी गई हैं। लगातार बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की जेब पर फिर से बोझ बढ़ा दिया है।
दिल्ली में भी बढ़े दाम
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के मुताबिक दिल्ली में पेट्रोल की कीमत में 87 पैसे और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। नई दरों के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 97.77 रुपये और डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। इससे पहले पेट्रोल 94.77 रुपये और डीजल 87.67 रुपये प्रति लीटर था।
रायपुर में पेट्रोल 104 रुपये के पार
देशभर में बढ़ी कीमतों का असर छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिला है। राजधानी रायपुर में पेट्रोल की कीमत 103.58 रुपये से बढ़कर 104.48 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं डीजल भी 96.57 रुपये से बढ़कर 97.52 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।
लगातार बढ़ती कीमतों से वाहन चालकों और मध्यम वर्गीय परिवारों की चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि रोजमर्रा के खर्च पहले ही बढ़ चुके हैं, अब ईंधन महंगा होने से परिवहन और जरूरी सामानों की कीमतों पर भी असर पड़ेगा
एक हफ्ते में दूसरी बार बढ़ोतरी
गौरतलब है कि इससे पहले 15 मई को भी पेट्रोलियम कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दाम में करीब 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। यानी महज एक हफ्ते के भीतर दूसरी बार ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं।











