छत्तीसगढ़ में फिर महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल: रायपुर में पेट्रोल ₹107.96 लीटर पहुंचा, 8 जिलों में ₹109 के पार

देशभर में तेल कंपनियों ने एक बार फिर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। 25 मई को पेट्रोल ₹2.61 प्रति लीटर और डीजल ₹2.71 प्रति लीटर महंगा हो गया। लगातार बढ़ रही कीमतों का असर अब छत्तीसगढ़ में भी साफ दिखाई दे रहा है। प्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल ₹109 प्रति लीटर के पार पहुंच गया है, जबकि राजधानी रायपुर में पेट्रोल ₹107.96 प्रति लीटर बिक रहा है।

बस्तर और सरगुजा संभाग में सबसे महंगा पेट्रोल

ताजा दरों के अनुसार, बस्तर और सरगुजा संभाग के जिलों में पेट्रोल की कीमत सबसे अधिक दर्ज की गई है। नारायणपुर में पेट्रोल ₹109.65 प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं जगदलपुर में ₹109.64, दंतेवाड़ा में ₹109.60 और बीजापुर में ₹109.59 प्रति लीटर पेट्रोल बिक रहा है।

सरगुजा संभाग के जिलों में भी ईंधन की कीमतें काफी ऊंची हैं। जशपुर में पेट्रोल ₹109.52, सूरजपुर में ₹109.39 और अंबिकापुर में ₹109.09 प्रति लीटर दर्ज किया गया। रायगढ़ में भी पेट्रोल की कीमत ₹109.03 प्रति लीटर तक पहुंच गई है।

दुर्ग में पेट्रोल ₹108.29, धमतरी में ₹108.45, महासमुंद में ₹108.64 और बिलासपुर में ₹108.65 प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं कोरबा में सबसे कम कीमत ₹107.63 प्रति लीटर दर्ज की गई है।

कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से बढ़ा दबाव

विशेषज्ञों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का सीधा असर घरेलू बाजार पर पड़ रहा है। ईरान-अमेरिका तनाव के बाद क्रूड ऑयल की कीमतें 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 100 डॉलर के पार पहुंच गई हैं।

भारत अपनी जरूरत का अधिकांश कच्चा तेल विदेशों से आयात करता है। ऐसे में डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति, रिफाइनिंग खर्च, केंद्र सरकार की एक्साइज ड्यूटी, डीलर कमीशन और राज्य सरकारों के वैट को जोड़कर पेट्रोल-डीजल की अंतिम कीमत तय होती है।

दूरस्थ इलाकों में ट्रांसपोर्टेशन लागत अधिक होने के कारण बस्तर और सरगुजा जैसे क्षेत्रों में ईंधन महंगा बिकता है। वहीं बड़े शहरों और औद्योगिक जिलों में सप्लाई बेहतर होने से कीमतों में कुछ राहत रहती है।

महंगाई से आम जनता और ट्रांसपोर्ट सेक्टर परेशान

लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों का असर अब आम लोगों के बजट पर भी दिखाई देने लगा है। ट्रांसपोर्ट कारोबारियों का कहना है कि डीजल महंगा होने से माल ढुलाई की लागत बढ़ेगी, जिसका असर जरूरी सामानों की कीमतों पर भी पड़ सकता है।

राजधानी रायपुर में पेट्रोल-डीजल की ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। अधिक कीमत वसूली या अवैध बिक्री की शिकायत लोग 9977222564, 9977222574, 9977222584 और 9977222594 पर कर सकते हैं।

तेल कंपनियां डेली प्राइस रिवीजन सिस्टम के तहत हर दिन सुबह 6 बजे नए रेट जारी करती हैं। यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी जारी रही तो आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल और महंगा हो सकता है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com