औरंगाबाद में पुलिस ने स्कॉर्पियो चोर गिरोह के पांच शातिर चोर को किया गिरफ्तार

औरंगाबाद:  नगर थाने की पुलिस ने स्कॉर्पियो चोर के अंतरजिला गिरोह के पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है. गिरफ्तार चोरों की पहचान नगर थाना क्षेत्र के तेली गली नवाडीह निवासी मो कलीम उर्फ क्ल्लू, गयाजी के शेरघाटी अनुमंडल के उन्थू गोला बाजार निवासी मो. शाहिद हुसैन, नगर थाना क्षेत्र के नवाडीह बराटपुर बुढ़िया देवी मंदिर समीप निवासी अताउल रहमान, ओबरा थाना क्षेत्र के सननपुरा गांव निवासी कुंदन कुमार, ओबरा के ही इमामगंज निवासी पिंटू कुमार के रूप में की गई है.

बुधवार की रात्रि 8 बजे वाट्सअप समूह में दी गई जानकारी के अनुसार इस संबंध में नगर थाना में पदस्थापित आरक्षी अवर निरीक्षक प्रशांत कुमार ने नगर थाने में एक आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आगे की कार्रवाई में जुटे हुए है.

दर्ज प्राथमिकी में बताया गया है कि उन्हें मंगलवार की शाम साढ़े सात बजे सूचना मिली कि शहर के महाराज गंज रोड स्थित पीएनबी के सामने न्यू रॉयल मोटर्स वर्क में एक चोरी की स्कॉर्पियो गाड़ी के स्वरूप को बदलने की कार्रवाई की जा रही है. सूचना पर पहुंचकर स्कॉर्पियो जब्त किया. जब स्कॉर्पियो के स्वरूप को बदलने वाले मिस्त्री और उसके साथ आए लोगों से पूछताछ की तो न तो सभी वाजिब जवाब दे सके और न ही उसके कागजात प्रस्तुत कर सके.

फिर गाड़ी के मूल नंबर से तहकीकात की गई तो उक्त स्कॉर्पियो पटना जिले के कंकड़बाग निवासी नृपेंद्र कुमार रंजन की निकली. जब जानकारी ली जाने लगी तो पता चला कि नृपेंद्र कुमार की उक्त स्कॉर्पियो की चोरी 15 दिसंबर की रात्रि महाबलीपुर बाजार से चोरी हो गई थी और इस मामले में उनके चालक आयुष कुमार द्वारा स्कॉर्पियो चोरी की प्राथमिकी पालीगंज में दर्ज कराई गई थी.

चोरी के बाद पकड़े गए अभियुक्त के द्वारा स्कॉर्पियो का स्वरूप बदलने की कार्रवाई की जा रही थी. लेकिन स्कॉर्पियो को ठिकाने लगाने से पूर्व ही सभी पकड़े गए. नगर थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि चोरी हुए स्कॉर्पियो के स्वरूप बदलने की जानकारी मिलते ही त्वरित कार्रवाई कर मामले का न सिर्फ उद्भेदन किया गया.बल्कि पांच अंतरजिला सरगनाओं को गिरफ्तार करते हुए चोरी हुई स्कॉर्पियो भी बरामद कर लिया गया.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com