सूरजपुर में नववर्ष पर पुलिस हाई अलर्ट: ड्रंक ड्राइव और हुड़दंग पर सख्ती, 22 चेकिंग प्वाइंट बनाए गए; 500 जवान तैनात

सूरजपुर: पुराने वर्ष की विदाई और नववर्ष 2026 के स्वागत को लेकर सूरजपुर जिले में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. DIG व SSP सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर जिले के सभी प्रमुख चौक-चौराहों, पर्यटन स्थलों और पिकनिक स्पॉट पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है. नए साल के जश्न के दौरान नशे में वाहन चलाने, रैश ड्राइविंग, स्टंट और हुड़दंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

डीआईजी/एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर निर्देश दिए कि 31 दिसंबर की रात 7 बजे से 1 जनवरी की रात 1 बजे तक विशेष पैदल गश्त, पेट्रोलिंग और फिक्स प्वाइंट चेकिंग की जाए. इसके साथ ही 1 जनवरी को दोपहर 12 बजे से रात 9 बजे तक भी जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा. ड्रंक एंड ड्राइव, ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन और दोपहिया वाहन पर तीन सवारी करने वालों पर तत्काल कार्रवाई होगी.

नववर्ष के मद्देनज़र जिले में 22 चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं. सुरक्षा व्यवस्था में 7 राजपत्रित अधिकारियों सहित लगभग 500 पुलिस अधिकारी एवं जवानों की तैनाती की गई है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन कर ढाबों, होटलों और सार्वजनिक स्थलों पर अवैध शराब सेवन, हुड़दंग और असामाजिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस द्वारा जिले के सभी पिकनिक स्पॉट पर भी भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. यहां आने वाले लोगों को झरनों, जलस्त्रोतों और प्रतिबंधित क्षेत्रों से दूर रहने की समझाइश दी जा रही है. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए होमगार्ड के प्रशिक्षित गोताखोरों को भी तैनात किया गया है.

डीआईजी व एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने आमजन से अपील की है कि नववर्ष के दौरान अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9479193999 पर दें. सोशल मीडिया पर भी पुलिस की सतत निगरानी रहेगी. कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com