रायबरेली में ‘गद्दार कौन?’ होर्डिंग से सियासी बवाल, राहुल गांधी पर तीखा हमला; मंत्री दिनेश प्रताप सिंह का नाम शामिल

रायबरेली: राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में राजनीतिक तनाव एक बार फिर बढ़ गया है. यहां उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह से जुड़ी एक विवादास्पद होर्डिंग सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. शहर के कई प्रमुख स्थानों पर लगी इस होर्डिंग में कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला किया गया है. होर्डिंग का मुख्य टेक्स्ट “गद्दार कौन?” जैसे सवाल से शुरू होता है, जिसमें राहुल गांधी को “नकली गांधी” कहा गया है, जबकि रखनीत सिंह बिट्टू को “असली सरदार” बताया गया है.
आगे कांग्रेस को “गद्दार” करार देते हुए कई ऐतिहासिक और प्रमुख व्यक्तियों- सरदार पटेल, सुभाष चंद्र बोस, डॉ. अब्दुल कलाम, फिरोज गांधी, मेनका गांधी और यहां तक कि वाड्रा परिवार पर “गद्दारी” का आरोप लगाया गया है. होर्डिंग के अंत में “यतो धर्मस्ततो जयः”, “भारत माता की जय” और “जय श्रीराम” जैसे नारे दिए गए हैं, साथ ही मंत्री दिनेश प्रताप सिंह का नाम और पद भी अंकित है.
यह होर्डिंग स्थानीय बीजेपी समर्थकों द्वारा कांग्रेस विरोधी प्रचार का हिस्सा मानी जा रही है, जो क्षेत्र में पहले से चल रहे राजनीतिक विवाद को और भड़का सकती है. गौरतलब है कि 2024 लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी ने इसी सीट पर दिनेश प्रताप सिंह को हराया था. दोनों नेताओं के बीच तनाव का इतिहास लंबा है- 2025 में रायबरेली में दिशा (DISHA) बैठक के दौरान हुई तीखी बहस का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें दिनेश प्रताप सिंह ने राहुल गांधी से बहस की थी.
इसके अलावा, राहुल के दौरे पर विरोध प्रदर्शन, काफिला रोकने की कोशिश और उनके बेटे की फोटो पर सफाई जैसे मुद्दे भी काफ़ी सुर्खियां बटोर चुके हैं. रायबरेली वासियो का मानना है कि यह होर्डिंग चुनावी हार के बाद बदले की भावना और कांग्रेस को निशाना बनाने की है. अभी तक कांग्रेस या राहुल गांधी की ओर से इस होर्डिंग पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन यह मुद्दा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है.











