रायबरेली: युवक की नासिक में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों में कोहराम

रायबरेली: यूपी के रायबरेली जिले के सरेनी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की बुधवार रात महाराष्ट्र के नासिक शहर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. गुरुवार देर रात जब युवक का शव गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया.
मृतक के पिता ने बेटे के साथ रहने वाले युवकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है. सरेनी थाना क्षेत्र के पूरे बल्दी मजरे सिंघौरतारा गांव निवासी तेज बहादुर यादव (22) पुत्र राजपाल यादव,करीब डेढ़ महीने पहले गांव के ही अमरेंद्र यादव पुत्र राजाराम के साथ रोजगार के लिए नासिक गया था. नासिक में तेज बहादुर समेत कुल पांच युवक एक ही कमरे में रह रहे थे.
मृतक के भाई सज्जन यादव ने बताया कि बुधवार रात करीब नौ बजे तेज बहादुर की भाभी से फोन पर बात हुई थी.
उन्होंने बताया कि वह खाना बना रहे हैं और थोड़ी देर बाद बात करेंगे. इसके बाद फोन कट गया।लेकिन रात करीब बारह बजे तक जब भैया का दोबारा फोन नहीं आया तो परिजनों ने कॉल की,पर मोबाइल स्विच ऑफ मिला. परिजनों ने उसके साथी ज्ञान सिंह यादव से संपर्क किया,जिस पर उसने बताया कि तेज बहादुर की तबीयत खराब हो गई है और उसे सिविल अस्पताल नासिक में भर्ती कराया गया है.
परिजनों ने वीडियो कॉल के जरिए दिखाने को कहा,लेकिन उसने यह कहते हुए टाल दिया कि आईसीयू में मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं है. गुरुवार सुबह ज्ञान सिंह ने परिजनों को सूचना दी कि गिरने से तेज बहादुर के सिर में चोट लग गई थी,जिससे ब्रेन हैमरेज हो गया और उसकी मौत हो गई है. इसके बाद पोस्टमार्टम कराकर शव गांव लाने की बात कही गई. गुरुवार शाम शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक के पिता राजपाल यादव का आरोप है कि बेटे के साथ रहने वाले सभी युवकों ने मिलकर उसकी हत्या की है और उन्हें लगातार गुमराह किया गया. पीड़ित पिता ने मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.











