रायपुर :गृहमंत्री अमित शाह ने दिखाई हरी झंडी, डायल-112 के 400 हाईटेक वाहन रवाना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पुलिसिंग और आपातकालीन सेवाओं को नई तकनीकी ताकत मिल गई है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री Amit Shah ने रायपुर के माना पुलिस परेड ग्राउंड में छत्तीसगढ़ पुलिस की अत्याधुनिक ‘नेक्स्ट जेन सीजी डायल-112 सेवा’ और मोबाइल फॉरेंसिक वैन का शुभारंभ किया। इस मौके पर Vishnu Deo Sai और Raman Singh समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।केंद्रीय गृहमंत्री ने 400 अत्याधुनिक डायल-112 वाहनों और 32 मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिसके साथ ही प्रदेश में आपातकालीन सेवाओं और अपराध जांच व्यवस्था के नए दौर की शुरुआत हो गई।
‘एक्के नंबर, सब्बो बर’ से मिलेगी त्वरित मदद
छत्तीसगढ़ सरकार की नई नेक्स्ट जेन सीजी डायल-112 सेवा को ‘एक्के नंबर, सब्बो बर’ थीम पर तैयार किया गया है। इस सेवा के जरिए अब पुलिस, फायर और मेडिकल इमरजेंसी सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी।नई सेवा के तहत शामिल 400 वाहनों में स्मार्टफोन, जीपीएस, वायरलेस रेडियो, पीटीजेड कैमरा, डैश कैम, मोबाइल एनवीआर और सोलर बैकअप जैसी हाईटेक सुविधाएं दी गई हैं। इन तकनीकों से घटनास्थल की लाइव मॉनिटरिंग, रियल-टाइम ट्रैकिंग और तेज संचार संभव हो सकेगा।
24×7 एक्टिव रहेगा पूरा नेटवर्क
यह अत्याधुनिक सेवा चौबीसों घंटे संचालित होगी। इसमें जीआईएस आधारित मॉनिटरिंग, एडवांस व्हीकल ट्रैकिंग, एसआईपी ट्रंक टेक्नोलॉजी और ऑटोमैटिक कॉलर लोकेशन जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया गया है।प्रदेश के सभी 33 जिला समन्वय केंद्रों को इस नेटवर्क से जोड़ा गया है। नागरिक वॉयस कॉल, एसएमएस, ईमेल, वेब पोर्टल, व्हाट्सएप, चैटबॉट और SOS-112 इंडिया ऐप के जरिए भी मदद ले सकेंगे।
‘Science on Wheels’ से अपराध जांच को मिलेगी नई रफ्तार
कार्यक्रम में ‘Science on Wheels – Towards Faster Justice’ थीम पर आधारित 32 मोबाइल फॉरेंसिक वैन भी लॉन्च की गईं। “32 वैन – 32 जिले – एक संकल्प: सटीक जांच, त्वरित न्याय” के उद्देश्य से शुरू की गई यह पहल अपराध अनुसंधान को नई दिशा देने वाली मानी जा रही है।
घटनास्थल पर ही होगी वैज्ञानिक जांच
करीब 65 लाख रुपये प्रति यूनिट लागत वाली इन अत्याधुनिक वैन में घटनास्थल संरक्षण किट, साक्ष्य संग्रहण एवं सीलिंग उपकरण, फिंगरप्रिंट डिटेक्शन सिस्टम, नार्कोटिक्स टेस्टिंग किट, डिजिटल फॉरेंसिक सपोर्ट, हाई क्वालिटी फोटोग्राफी सिस्टम, बैलिस्टिक जांच किट और गनशॉट रेजिड्यू परीक्षण जैसी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं।











