राजस्थान: 7 साल के मासूम से दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर उतारा मौत के घाट, खेत से बरामद हुआ शव

अलवर: राजस्थान के अलवर जिले के रेणी थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक 7 वर्षीय बालक की हत्या के मामले में पुलिस ने दुष्कर्म और हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, परिजनों ने शुरुआत में बालक की हत्या की आशंका जताते हुए लिखित शिकायत दी थी. मामले में तब नया मोड़ आया, जब मेडिकल बोर्ड द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में बालक के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई. इसके बाद पुलिस ने प्रकरण में दुष्कर्म की धाराएं भी जोड़ते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की.

ईंट-भट्ठे पर साथ काम करता था आरोपी

रेणी थाना प्रभारी राजपाल ने बताया कि मृतक बालक का परिवार और आरोपी दोनों उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और रेणी थाना क्षेत्र स्थित एक ईंट-भट्ठे पर काम करते थे. मृतक का परिवार उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के गोवर्धन क्षेत्र का निवासी है. बालक के पिता के अनुसार, शनिवार दोपहर उनकी तबीयत खराब थी, जिस कारण वे दवा लेकर अपनी झोपड़ी में आराम कर रहे थे. इसी दौरान उनका 7 वर्षीय बेटा ईंट-भट्ठे की ओर चला गया. काफी समय बीत जाने के बाद भी जब बालक वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की.

आरोपी पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप

तलाश के दौरान ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे अन्य मजदूरों ने परिजनों को बताया कि वहां काम करने वाला एक युवक बालक को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था. इसके बाद लोगों ने आरोपी की तलाश की और कुछ समय बाद उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. बताया जा रहा है कि आरोपी उस समय नशे की हालत में था.

शव बरामद, पोस्टमार्टम में हुआ खुलासा

पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर खेत से बालक का शव बरामद किया. शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया, जहां तीन डॉक्टरों के मेडिकल बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बालक के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई. शुरुआत में पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया था, लेकिन मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद दुष्कर्म की धाराएं भी जोड़ी गईं.

आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

थाना प्रभारी राजपाल ने बताया कि आरोपी ने पहले बालक के साथ दुष्कर्म किया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस के अनुसार, आरोपी और पीड़ित परिवार एक ही गांव के रहने वाले हैं और उनके बीच पुरानी रंजिश की बात भी सामने आई है.

इस हृदयविदारक घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोप पत्र जल्द दाखिल किया जाएगा.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com