फिल्म ‘इक्कीस’ की स्क्रीनिंग में रेखा का खास अंदाज, अगस्त्य नंदा पर यूं लुटाया स्नेह

बॉलीवुड में फिल्म ‘इक्कीस’ की खास स्क्रीनिंग के दौरान एक भावुक और दिल छू लेने वाला पल देखने को मिला, जब दिग्गज अभिनेत्री रेखा ने अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा पर खुले दिल से प्यार बरसाया। इस दौरान का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
स्क्रीनिंग के मौके पर रेखा जब कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं तो उन्होंने अगस्त्य नंदा के पोस्टर को बड़े प्यार से निहारा। रेखा ने पोस्टर पर हाथ फेरा और फिर उसे चूमते हुए अगस्त्य को अपना स्नेह और आशीर्वाद दिया। उनका यह अंदाज वहां मौजूद लोगों के साथ-साथ सोशल मीडिया यूजर्स को भी खूब पसंद आया।
इस खास मौके पर कई बड़े सितारे भी मौजूद थे। फिल्म में अगस्त्य नंदा मुख्य भूमिका में नजर आने वाले हैं और यह फिल्म उनके करियर के लिए काफी अहम मानी जा रही है। रेखा का इस तरह खुले तौर पर अगस्त्य पर प्यार लुटाना चर्चा का विषय बन गया है, खासतौर पर इसलिए क्योंकि अतीत में अमिताभ बच्चन और रेखा के रिश्ते को लेकर बॉलीवुड में खूब चर्चाएं रही हैं।
स्क्रीनिंग के दौरान रेखा दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की तस्वीर देखकर भी भावुक हो गईं। उन्होंने पोस्टर के सामने हाथ जोड़कर उन्हें याद किया। फिल्म ‘इक्कीस’ धर्मेंद्र के प्रशंसकों के लिए खास मानी जा रही है, क्योंकि इसे उनकी आखिरी फिल्मों में से एक बताया जा रहा है।
फिल्म ‘इक्कीस’ का निर्देशन श्रीराम राघवन ने किया है और यह 1 जनवरी 2026 को रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में अगस्त्य नंदा एक भारतीय सेना के अधिकारी अरुण खेत्रपाल का किरदार निभाते नजर आएंगे, जो बेहद कम उम्र में देश के लिए शहीद हो गए थे।









