मध्य-उत्तरी हिस्से में ठंड से राहत…3° तक बढ़ेगा तापमान:स्किन रिलेटेड समस्याएं बढ़ीं, 300-350 मरीज रोज मेकाहारा पहुंच रहे, आज 19 जिलों में अलर्ट

छत्तीसगढ़ में मध्य और उत्तरी हिस्से के कुछ इलाकों में अगले तीन दिनों में 2-3 डिग्री तक तापमान बढ़ सकता है। यानी ठंड से कुछ राहत लोगों को मिल सकती है। इसके अलावा मौसम में कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। ठंड बढ़ने से स्किन रिलेटेड समस्या दिसंबर में कुछ बढ़ी हैं।
मेकाहारा में हर दिन औसतन 300-350 मरीज इन दिनों पहुंच रहे हैं। ज्यादातर को ड्राई स्किन, एक्जिमा और सोरायसिस की शिकायत है। डर्मेटोलॉजी डिपार्टमेंट के HOD डॉक्टर मृत्युंजय सिंह ने बताया- ठंड में ये आम है, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया तो खतरा बढ़ सकता है।
दरअसल, पिछले कुछ दिनों में ठंड बढ़ी है। 7 शहरों में तापमान 10°C से नीचे पहुंच गया है, जिनमें मैनपाट, अंबिकापुर, पेंड्रा और जगदलपुर, बिलासपुर, दुर्ग और राजनांदगांव शामिल हैं। मैनपाट में रात का पारा 4°C से नीचे चला गया और वहां ओस की बूंदें जमकर बर्फ में बदल गई हैं।
अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 5.3°C, पेंड्रा में 8.6°C और जगदलपुर में 8.2°C, दुर्ग में 8.2 डिग्री और राजनांदगांव में 9.0 डिग्री दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे की बात करें तो सबसे अधिक तापमान 29.5°C राजनांदगांव में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.3°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
दो दिन पहले अंबिकापुर में खुले में सोए एक व्यक्ति की ठंड से मौत भी हो गई थी। मौसम विभाग ने आज भी कई शहरों में शीतलहर चलने का अलर्ट जारी किया है।
19 जिलों में चलेगी शीतलहर
प्रदेश के कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, रायगढ़, गौरेला-पेण्ड्रा-मारवाही, कबीरधाम, मुंगेली, बिलासपुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, बेमेतरा, रायपुर, दुर्ग, बालोद और कोरबा में एक दो पॉकेट में शीतलहर चलने की संभावना है।
रायपुर में नगर निगम ने कई जगहों पर अलाव का इंतजाम किया
रायपुर में शीतलहर का असर बढ़ते ही नगर निगम ने आम लोगों को राहत देने के लिए शहर में अलाव जलाने की व्यवस्था शुरू कर दी है। निगम ने 12 से अधिक लोकेशन पर रातभर अलाव जलवाने के निर्देश दिए हैं, ताकि बेघर, राहगीरों और आम नागरिकों को ठंड से तुरंत राहत मिल सके।
रायपुर नगर निगम की मेयर मीनल चौबे और कमिश्नर विश्वदीप के निर्देशों के बाद सभी जोन कमिश्नरों और जोन हेल्थ अधिकारियों से रात में फील्ड में रहने और अलाव के इंतजाम की निगरानी करने को कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने भी जारी की एडवाइजरी
इस बीच स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी कर चेतावनी दी है कि अचानक तापमान में उतार-चढ़ाव से हाइपोथर्मिया, सर्दी-जुकाम और वायरल फीवर का खतरा बढ़ सकता है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि शीतलहर के दौरान, केवल आवश्यकता होने पर ही यात्रा करें और बाहर निकलते समय पूरी तरह गर्म कपड़े पहनें।









