रायबरेली में सड़क सुरक्षा माह अभियान का शुभारंभ, वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना

रायबरेली: जनपद में आज राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया. यह अभियान 01 जनवरी से 31 जनवरी तक संचालित रहेगा, जिसके अंतर्गत यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा और आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा. अभियान का शुभारंभ जिलाधिकारी हर्षिता माथुर व पुलिस अधीक्षक डॉ यशवीर सिंह ने कलक्ट्रेट परिसर से जागरूकता वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर किया.
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने कलक्ट्रेट परिसर में उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई. जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा माह चलाने का उद्देश्य सड़क हादसों में कमी लाना और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करना है. यह अभियान 01 जनवरी से 31 जनवरी तक चलेगा, इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी जायेगी.
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस अभियान के अन्तर्गत हेलमेट और सीटबेल्ट पहनने के महत्व के बारे में जागरूकता फैलाई जायेगी, सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं को बताकर लोगों को जागरूक किया जायेगा. जिससे सड़क हादसों में कमी लायी जा सके. इसी दौरान कार्यक्रम में राहवीर (गुड सेमेटेरियन) योजना के तहत जनपद के 07 लोगों को 5000 रूपये की पुरस्कार धनराशि देकर सम्मानित किया गया.
जिलाधिकारी ने बताया कि सड़क दुर्घटना में प्रभावित व्यक्तियों को चिकित्सालय लाने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु (राह-वीर योजना) में पूर्व में पुरस्कृत धनराशि 5000 रूपये से बढ़ाकर शासन द्वारा 25000 रूपये कर दिया गया है. दुर्घटना में प्रभावित व्यक्तियों को चिकित्सालय में लाने वाले व्यक्तियों को (गुड सेमेटेरियन) मानते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की कार्यवाही की जा रही है.
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) अमृता सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल यादव, अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा, नगर मजिस्ट्रेट राम अवतार, एआरटीओ अरविन्द यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहें.











