सहारनपुर: अवैध कॉलोनियों पर विकास प्राधिकरण का बड़ा एक्शन, अधिकारियों पर गिरी गाज; सेवा समाप्त

सहारनपुर: अवैध कॉलोनियों और अवैध निर्माण के खिलाफ सहारनपुर विकास प्राधिकरण ने सख्त और सराहनीय कदम उठाया है. प्राधिकरण को जोन-4 के मल्हीपुर और जोन-6 के मानकमऊ क्षेत्र में अवैध रूप से कॉलोनियां विकसित किए जाने की शिकायत मिली थी, जिस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए उच्चस्तरीय जांच कराई गई. जांच में सामने आया कि संबंधित क्षेत्रों में बिना अनुमति सड़क निर्माण और अन्य ढांचागत कार्य कराए गए थे.
विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संतोष राय के निर्देश पर तीन दिन तक चली जांच में प्रथम दृष्टया कुछ अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई. निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए जोन-4 के सुपरवाइजर मदनपाल को निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू की गई, जबकि जोन-6 के आउटसोर्सिंग सुपरवाइजर रामगोपाल की सेवाएं समाप्त कर दी गईं. इसके अलावा अवर अभियंता प्रदीप गोयल के खिलाफ विभागीय जांच बैठा दी गई है और शासन स्तर पर कार्रवाई के लिए पत्र भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि विकास प्राधिकरण अवैध निर्माण के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है, जिससे शहर के नियोजित विकास को मजबूती मिलेगी.











