बुलडोजर राजनीति पर गरजे संजय सिंह, बोले- नफरत फैलाने का हथियार बन गया है 

सुल्तानपुर : आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद संजय सिंह ने रविवार को सुल्तानपुर में एक निजी कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बात की.उन्होंने उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी, कृषि क्षेत्र की स्थिति और कथित ‘बुलडोजर राजनीति’ को लेकर सरकार पर निशाना साधा.सांसद सिंह ने अमेरिका के साथ हुए ट्रेड डील को किसानों के हित में नहीं बताया.उन्होंने कहा कि जब 12 लाख करोड़ रुपये का अमेरिकी सामान भारतीय बाजारों में आएगा, तो देश में रोजगार कैसे बचेगा.

उन्होंने सवाल उठाया कि भारतीय सामानों पर 18 प्रतिशत टैक्स लगता है, जबकि अमेरिकी सामानों पर जीरो प्रतिशत, यह कैसी डील है.उन्होंने इसे ‘थ्रेड डील’ करार दिया.संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश को बेरोजगारी का बड़ा अड्डा बताया, जहां हर जिले में बड़ी संख्या में बेरोजगार हैं.उन्होंने कृषि क्षेत्र की बर्बादी का भी जिक्र किया, जिसमें खाद के लिए किसानों पर लाठियां बरसाने जैसी घटनाएं शामिल हैं.

इसके अलावा, उन्होंने ‘बुलडोजर की राजनीति’ की आलोचना करते हुए कहा कि यह पिछड़े वर्ग, दलितों और मुसलमानों के साथ नफरत फैलाने और उन्हें प्रताड़ित करने का तरीका है. शंकराचार्य के चयन पर टिप्पणी करते हुए संजय सिंह ने कहा कि यह योगी या मोदी तय नहीं करेंगे.उन्होंने स्पष्ट किया कि शंकराचार्य बनाने की एक परम्परा, पद्धति और रीति-रिवाज है, जिसके अनुसार ही शंकराचार्य बनते हैं. इसमें किसी भी राजनीतिक दल या व्यक्ति की कोई भूमिका नहीं होती.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com