जनजातीय महिलाओं की आत्मनिर्भरता को मिला राष्ट्रपति का समर्थन, जशपुर की पहल की सराहना

अंतरराज्यीय जन-सांस्कृतिक समागम के विशेष कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जशपुर की स्व-सहायता समूहों से जुड़ी जनजातीय महिलाओं के कार्यों और आत्मनिर्भरता की प्रशंसा की। उन्होंने जशक्राफ्ट से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार आभूषणों और पर्यावरण-अनुकूल उत्पादों को महिला सशक्तिकरण का प्रभावी उदाहरण बताया।

राष्ट्रपति ने जशपुर वनमंडल के अंतर्गत वन प्रबंधन समिति शब्दमुंडा, ग्राम कोटानपानी की स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को जनजातीय सृजनशीलता, आजीविका संवर्धन और सांस्कृतिक संरक्षण का प्रेरक प्रतीक कहा। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास पारंपरिक कला और हस्तशिल्प को नई पहचान दिलाते हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जशपुर की जनजातीय मातृशक्ति, विशेषकर जशक्राफ्ट से जुड़ी बहनों का कौशल और स्वावलंबन पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि ग्राम कोटानपानी की महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पाद समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और महिलाओं की मेहनत व सृजनात्मकता को दर्शाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति का प्रोत्साहन जनजातीय महिलाओं के आत्मविश्वास, आत्मनिर्भर भारत के संकल्प और वोकल फॉर लोकल की भावना को और सशक्त करेगा। उन्होंने जशपुर की जनजातीय बहनों की ओर से राष्ट्रपति के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान जनजातीय हस्तशिल्प, पारंपरिक लोककला और स्व-सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसने बड़ी संख्या में लोगों का ध्यान आकर्षित किया। प्रतिनिधि दल ने जशपुर की विशिष्ट शिल्प परंपरा और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से जनजातीय सशक्तिकरण का संदेश दिया।

राष्ट्रपति ने युवाओं और आने वाली पीढ़ियों को जनजातीय परंपराओं से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि अपनी सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए युवाओं को आधुनिक विकास के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराज्यीय जन-सांस्कृतिक समागम न केवल सांस्कृतिक विरासत का सम्मान है, बल्कि जनजातीय समाज को जोड़ने का माध्यम भी है। उन्होंने बताया कि 400 से अधिक गांव नक्सली प्रभाव से मुक्त हो चुके हैं और अब वहां सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध हो रहे हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com