कवर्धा में छात्रों का सड़क पर हल्ला बोल, शराब भट्ठी के विरोध में नेशनल हाईवे पर घंटों जाम

Akhil Bharatiya Vidyarthi Parishad : abvp के कार्यकर्ताओं और स्कूली छात्रों ने शुक्रवार को Pondi में संचालित शराब भट्ठी को हटाने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन इतना उग्र हो गया कि रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर चक्काजाम कर दिया गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी।
लंबे समय से चल रहा था विरोध
स्थानीय लोगों और छात्र संगठनों का आरोप है कि पोंडी क्षेत्र में संचालित शराब भट्ठी के कारण आसपास का माहौल लगातार खराब हो रहा है। खासकर स्कूल आने-जाने वाले छात्रों पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। शराब भट्ठी को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही थी।
सड़क पर उतरे छात्र, हाईवे पर लगा जाम
शुक्रवार को नाराज छात्रों और ABVP कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 को जाम कर दिया। देखते ही देखते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यात्री बसें, निजी वाहन और मालवाहक गाड़ियां घंटों जाम में फंसी रहीं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
डिप्टी सीएम Vijay Sharma का काफिला भी रुका
धरना-प्रदर्शन का असर इतना व्यापक रहा कि इसी मार्ग से गुजर रहे डिप्टी सीएम विजय शर्मा का काफिला भी आगे नहीं बढ़ सका। सुरक्षा और प्रशासनिक अमले को मौके पर स्थिति संभालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
प्रशासन ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद हालात सामान्य करने की कोशिशें शुरू की गईं। फिलहाल पूरे मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।











