जनकपुरी हादसा मामले में सब-कांट्रेक्टर की रिमांड बढ़ी, फरार आरोपियों पर कसा शिकंजा

दिल्ली के जनकपुरी इलाके में हुए सड़क हादसे के मामले में अदालत ने सब-कांट्रेक्टर राजेश कुमार की पुलिस रिमांड एक दिन के लिए बढ़ा दी है। इसके साथ ही फरार चल रहे दो आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किए गए हैं। कोर्ट ने एक अन्य आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

यह मामला गहरे गड्ढे में गिरकर जान गंवाने वाले युवक कमल ध्यानी से जुड़ा है। हादसे के बाद लोगों में काफी आक्रोश देखा गया था। प्रशासन ने लापरवाही बरतने के आरोप में जेई सहित तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया था। पुलिस ने गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर सब-कांट्रेक्टर राजेश कुमार को गिरफ्तार किया था।

पुलिस ने मामले में एक अन्य आरोपी योगेश को भी गिरफ्तार किया था, जिसे अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, फरार चल रहे कांट्रेक्टर हिमांशु गुप्ता और कविश गुप्ता के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किए गए हैं। राजेश कुमार ने अदालत में जमानत याचिका दायर की है, जिस पर जल्द सुनवाई होनी है।

जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय कमल ध्यानी गुरुवार देर रात बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान वह सड़क पर दिल्ली जल बोर्ड द्वारा खोदे गए गहरे गड्ढे में गिर गया। बताया जा रहा है कि वह रातभर तड़पता रहा, लेकिन समय पर कोई मदद नहीं मिल सकी। बाद में उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद प्रशासन और पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगे हैं। मामले की जांच जारी है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com