छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ेगी गर्मी की तपिश, अगले 4 दिनों में 5 डिग्री तक चढ़ सकता है पारा

छत्तीसगढ़ में एक बार फिर भीषण गर्मी लोगों की मुश्किलें बढ़ाने वाली है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार 20 मई से 24 मई के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में ग्रीष्म लहर यानी हीट वेव चल सकती है। आने वाले चार दिनों में तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने के आसार हैं।

रायपुर में 41 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान

मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक राजधानी रायपुर में आज आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को दिन के समय काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

कुछ इलाकों में बारिश और तेज हवा के संकेत

हालांकि भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत की भी संभावना जताई है। प्रदेश के एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन के साथ तेज हवा, वज्रपात और हल्की बारिश होने के आसार हैं। इससे कुछ क्षेत्रों में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज हो सकती है।

बीते दिनों हुई थी हल्की बारिश

पिछले कुछ दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से बहुत हल्की बारिश दर्ज की गई थी। बीते दिन बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड और अंबिकापुर में दर्ज किया गया।

26 मई को केरल में दस्तक दे सकता है मानसून

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई के आसपास केरल में प्रवेश कर सकता है। हालांकि इसमें चार दिन तक की मॉडल त्रुटि संभव बताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश और उससे सटे बिहार के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। वहीं दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के आसपास भी ऊपरी हवा का चक्रवाती सिस्टम बना हुआ है, जिसका असर आने वाले दिनों में मौसम पर देखने को मिल सकता है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com