नारायणपुर में “सुशासन एक्सप्रेस” का शुभारंभ

नारायणपुर जिले में राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रभावी रूप से पहुँचाने और आवश्यक दस्तावेज तैयार करने के उद्देश्य से “सुशासन एक्सप्रेस” वाहन का शुभारंभ किया गया। लघु वनोपज सहकारिता संघ के अध्यक्ष और जिला पंचायत अध्यक्ष ने वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन अंतिम गाँव तक शासन की योजनाओं और सेवाओं को पहुँचाएगा।

सुशासन एक्सप्रेस में आधार कार्ड, जाति, निवास, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, श्रम कार्ड, जॉब कार्ड, वोटर आईडी, बैंक खाता, उज्जवला कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज बनाए जाने की सुविधा उपलब्ध होगी। वाहन में वाईफाई की सुविधा, आधार ऑपरेटर, स्व सहायता समूह की सक्रिय महिलाएं, सचिव, पटवारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और नोडल अधिकारी के रूप में एसडीएम मौजूद रहेंगे।

कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाएँ तभी सार्थक होती हैं, जब उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। वाहन ग्राम स्तर पर चौपाल, हाट-बाजार और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर रुककर लोगों से संवाद स्थापित करेगा और उन्हें उनके अधिकारों एवं योजनाओं से लाभान्वित करेगा। कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की कि वे सुशासन एक्सप्रेस से मिलने वाली सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।

शुभारंभ समारोह में नगरपालिका अध्यक्ष, जिला पंचायत उपाध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। सुशासन एक्सप्रेस ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं और नागरिक सेवाओं को सीधे लोगों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। वाहन के माध्यम से ग्राम स्तर पर लोगों की समस्याओं और आवश्यकताओं को समझकर उन्हें शीघ्र समाधान प्रदान किया जाएगा। इस पहल से प्रशासन और नागरिकों के बीच बेहतर संवाद स्थापित होगा और योजनाओं का लाभ सीधे अंतिम लाभार्थियों तक पहुँच पाएगा।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com