11 महीने बाद भिलाई के आश्रम में मिली मां, बेटी से मिलते ही छलक पड़े आंसू

बिहार के भागलपुर की रहने वाली एक बेटी की 11 महीने लंबी तलाश उस वक्त खत्म हुई, जब उसे सूचना मिली कि उसकी लापता मां छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित एक आश्रम में सुरक्षित हैं. मां से मिलने पहुंची बेटी उन्हें देखते ही फूट-फूटकर रो पड़ी. दोनों का भावुक मिलन वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम कर गया.

11 महीने तक मां को ढूंढती रही बेटी

भागलपुर निवासी पूजा की मां बबीता देवी जून 2025 में मायके जाने के लिए घर से निकली थीं. उन्होंने परिवार से 10 दिन में लौटने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला. मां के अचानक गायब होने के बाद पूजा ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मंदिरों और वृद्धाश्रमों तक में उनकी तलाश की.

उन्होंने जगह-जगह पोस्टर लगाए, पुलिस थानों के चक्कर लगाए और हर संभव कोशिश की, लेकिन मां का कोई सुराग नहीं मिला. धीरे-धीरे परिवार की उम्मीद टूटने लगी, लेकिन पूजा ने हार नहीं मानी.

संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम में मां के लिए की प्रार्थना

मां की तलाश में परेशान पूजा आखिरकार मथुरा-वृंदावन पहुंचीं, जहां उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम में अपनी पीड़ा साझा की. वहां उन्हें विशेष पाठ करने की सलाह दी गई, जिसे उन्होंने लगातार श्रद्धा के साथ किया.

कुछ समय बाद अचानक पुलिस के जरिए सूचना मिली कि उनकी मां भिलाई के एक आश्रम में हैं. यह खबर मिलते ही पूजा बिना रिजर्वेशन ट्रेन से भिलाई के लिए रवाना हो गईं.

भिलाई आश्रम में हुआ भावुक मिलन

भिलाई पहुंचकर जब पूजा ने अपनी मां को देखा तो वह खुद को रोक नहीं सकीं और उनसे लिपटकर रोने लगीं. मां भी बेटी को देखकर भावुक हो गईं. 11 महीने बाद हुए इस मिलन का दृश्य बेहद भावुक था.

आश्रम के लोगों ने बताया कि बबीता देवी को भटकते हुए पाया गया था. उन्हें अपना पूरा पता याद नहीं था, लेकिन बार-बार ‘जगतपुर बांका’ शब्द बोल रही थीं. इसी सुराग के आधार पर पुलिस और आश्रम की मदद से परिवार तक सूचना पहुंचाई गई.

पूजा ने आश्रम के लोगों का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने उनकी मां की देखभाल कर उनकी दुनिया वापस लौटा दी. वहीं परिवार ने इस पूरे घटनाक्रम को भगवान का आशीर्वाद बताया है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com