शादी से पहले साइन कराने की शर्त, दूल्हे ने मंडप में ही कह दिया ‘ना’

अमेठी : जिले के कमरौली क्षेत्र के एक गांव में रविवार रात शादी समारोह के दौरान उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब द्वारपूजा और जयमाला की रस्में पूरी होने के बाद दूल्हे ने विवाह से इन्कार कर दिया.मामला थाने तक पहुंचा, जहां सोमवार को दिनभर चली पंचायत के बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से शादी न करने का निर्णय ले लिया और बरात बिना विवाह के ही लौट गई.
जानकारी के अनुसार, कमरौली क्षेत्र के भाटन का पुरवा मजरे उतेलवा निवासी राहुल कुमार की बरात नौखेड़ा गांव पहुंची थी.द्वारचार और जयमाला की रस्में धूमधाम से पूरी हुईं.आरोप है कि इसके बाद वधू पक्ष की ओर से स्टांप पेपर पर हस्ताक्षर कराने की बात कही गई, जिसमें दूल्हे को शादी के बाद घर जमाई बनकर रहने और वधू के माता-पिता की सेवा करने की शर्त रखी गई.
दूल्हे पक्ष का यह भी कहना है कि चढ़ावे में लाए गए जेवर को लेकर भी विवाद हुआ.उनके अनुसार, जेवर को लेकर अतिरिक्त मांग की गई, जिसे मानने से उन्होंने इंकार कर दिया.दूल्हे पक्ष का कहना था कि ऐसी शर्तों की पहले कोई जानकारी नहीं दी गई थी, जबकि वधू पक्ष ने इन्हें पहले से तय बताया.
विवाद बढ़ने पर मौके पर पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया.सोमवार को थाना परिसर में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई, जिसके बाद आपसी सहमति से रिश्ता समाप्त कर दिया गया.थानाध्यक्ष विवेक सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है और किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं की गई.











