रीवा: ग्राम घुमा में होटल में घुसकर संचालक को पीटा, CCTV में कैद हुई बदमाशों की गुंडागर्दी

रीवा: जिले में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं. ताजा मामला गढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम घुमा का है, जहां पुरानी रंजिश के चलते चार बदमाशों ने एक होटल में घुसकर संचालक के साथ जमकर मारपीट की. हमले की यह पूरी वारदात होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो आज शाम सामने आया है. जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, पीड़ित अमित पांडे ग्राम घुमा में एक होटल संचालित करते हैं. बीते 29 दिसंबर की रात करीब चार की संख्या में आए सरहंगों ने होटल में घुसते ही अमित के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. जब संचालक ने इसका विरोध किया, तो बदमाशों ने उन पर हमला बोल दिया. इस दौरान बीच-बचाव करने आए अन्य लोगों को भी बदमाशों ने नहीं बख्शा और उनके साथ भी हाथापाई की.
घटना को लेकर चर्चा है कि मारपीट करने वाले आरोपियों में से एक पूर्व में भी विवादों में रहा है. उक्त आरोपी ने कुछ समय पहले पुलिस की गाड़ी में बैठकर सोशल मीडिया के लिए रील बनाई थी, जो काफी वायरल हुई थी. इससे क्षेत्र में उनकी दबंगई और कानून के प्रति बेखौफी साफ झलकती है.
घटना के बाद पीड़ित ने गढ़ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है. थाना पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
पुलिस ने बताया कि”पुरानी रंजिश को लेकर होटल संचालक के साथ मारपीट की शिकायत मिली है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस की टीमें आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दे रही हैं.”









