2028 में सिनेमाघरों में लौटेगी ‘द ममी 4’, ब्रेंडन फ्रेजर और रेचल वीज की होगी वापसी

हॉलीवुड की मशहूर एक्शन-एडवेंचर और हॉरर फ्रेंचाइजी ‘द ममी’ का चौथा पार्ट जल्द ही दर्शकों के सामने आने वाला है। लंबे समय से इंतजार कर रहे फैंस के लिए बड़ी खबर है कि ‘द ममी 4’ साल 2028 की गर्मियों में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म को 19 मई 2028 को रिलीज करने की तैयारी है। इस फिल्म के जरिए एक बार फिर ब्रेंडन फ्रेजर और रेचल वीज अपनी आइकॉनिक भूमिकाओं में वापसी करेंगे। दोनों कलाकारों की जोड़ी पहले तीन भागों में दर्शकों को काफी पसंद आई थी।
फिल्म का निर्देशन मैट बेटिनेली-ओल्पिन और टायलर गिलेट कर रहे हैं। वहीं, इसकी स्क्रिप्ट लेखक डेविड कॉगशैल के साथ मिलकर फाइनल की जा रही है। मेकर्स इस बार भी कहानी और विजुअल इफेक्ट्स पर खास ध्यान दे रहे हैं।
‘द ममी’ फ्रेंचाइजी की शुरुआत साल 1932 में बनी पहली फिल्म से हुई थी। इसके बाद अलग-अलग दौर में इसके कई पार्ट्स बने। साल 1999 में आई ‘द ममी’ ने दुनियाभर में जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की और ब्रेंडन फ्रेजर को नई पहचान दिलाई।
हाल ही में रिलीज हुए टीजर में पट्टियों में लिपटी ममी की झलक दिखाई गई है, जिससे दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है। फिल्म एक बार फिर एक्शन, रोमांच और हॉरर का मिश्रण लेकर आने वाली है।
फैंस को उम्मीद है कि ‘द ममी 4’ पुराने पार्ट्स की तरह ही दमदार कहानी और शानदार मनोरंजन के साथ बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाएगी।











