फ्रेंड्स कॉलोनी में लाखों की चोरी, 48 घंटे में तिजोरी और 27 तोला ज्वैलरी बरामद

रायगढ़। फ्रेंड्स कॉलोनी में हुई चोरी की घटना में पुलिस ने मात्र 48 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के मार्गदर्शन में विशेष टीम ने घटनास्थल के आसपास सघन सर्च अभियान चलाया और चोरी की तिजोरी को बंद हालत में बरामद किया। तिजोरी में लगभग 27 तोला सोने-चांदी के आभूषण और नगद राशि सहित कुल करीब 25.64 लाख रुपये मूल्य का माल मिला।

दिनांक 29 दिसंबर 2025 को कोतरारोड थाना में प्रार्थी गौरव अग्रवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उनके भाई आलोक अग्रवाल, जो क्वार्टर नंबर 19, फ्रेंड्स कॉलोनी में रहते हैं, निजी कार्य से 27 दिसंबर को रायपुर गए थे। 29 दिसंबर को उनके घर की बाई ने मुख्य दरवाजा अंदर से बंद और संदिग्ध स्थिति की जानकारी दी। जांच पर पता चला कि बेडरूम की ग्रिल टूटी हुई थी, ताले टूटे हुए थे और घर का सामान बिखरा पड़ा था।

कोतरारोड थाना में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 505/2028, धारा 331(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। आलोक अग्रवाल ने बताया कि उनके घर से तिजोरी और अलमारी में रखे लगभग 54 तोला सोना-चांदी के आभूषण और 2 लाख रुपये नगद चोरी हुए थे।

पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज, साइबर सेल, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। विशेष सर्चिंग अभियान में चोरी की तिजोरी झाड़ियों में बंद हालत में बरामद हुई। तिजोरी की जांच प्रार्थी और उनके परिवार की उपस्थिति में की गई और पंचनामा कार्यवाही संपन्न हुई।

बरामद तिजोरी से 27 तोला सोने के जेवरात और 64,000 रुपये नगद मिले। पुलिस टीम ने चोरी गए अन्य सामानों की बरामदगी और आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली और संदिग्धों से पूछताछ शुरू की। इस महत्वपूर्ण सफलता में थाना कोतरारोड प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज, उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, प्रधान आरक्षक बाबूलाल पटेल, करुणेश राय, आरक्षक टिकेश्वर यादव, राजेश खांडे, चंद्रेश पांडे, चूड़ामणि गुप्ता और साइबर सेल के स्टाफ की अहम भूमिका रही।

प्रार्थी पक्ष ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया और कहा कि पुलिस की त्वरित और कुशल कार्रवाई के कारण उनका बहुमूल्य सामान सुरक्षित लौट आया। इस घटना से यह संदेश भी गया कि रायगढ़ पुलिस चोरी और अपराध के मामलों में तेजी और सतर्कता के साथ कार्रवाई कर रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com