जशपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, आम से लदी पिकअप पुलिया से गिरी, चालक की मौत

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। कुनकुरी थाना क्षेत्र में कच्चा आम लेकर जा रही एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
खारीझाड़िया स्थित श्रीनदी पुलिया पर हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन ओडिशा से कच्चा आम लेकर अंबिकापुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान खारीझाड़िया स्थित श्रीनदी पुलिया के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सीधे पुलिया से नीचे जा गिरी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
स्थानीय लोगों की सूचना पर कुनकुरी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
सकरी पुलिया बनी हादसों की वजह
ग्रामीणों का कहना है कि श्रीनदी पुलिया काफी सकरी है, जिसके कारण यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से पुलिया को चौड़ा करने और सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं पर जांच जारी है।











