पूर्णिमा स्नान के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की कार हादसे का शिकार, दो की मौत

पूर्णिमा स्नान के लिए अमरकंटक जा रहे श्रद्धालुओं की कार सड़क से उतरकर पेड़ से टकरा गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु रायपुर से कार से यात्रा पर निकले थे। जब वाहन बेलगहना क्षेत्र के ग्राम भसको के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में रामकुमार धीवर और राजकुमार साहू को गंभीर चोटें आईं। मौके पर ही रामकुमार की मौत हो गई, जबकि राजकुमार ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। कार चला रहे निलेश्वर धीवर सहित दो अन्य यात्री घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। कार के बुरी तरह पिचक जाने के कारण एक शव वाहन में फंस गया था, जिसे बाहर निकालने के लिए पुलिस को करीब दो घंटे की मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com