खरगोन में मुआवजे को लेकर बवाल, हाईवे जाम के दौरान बस और शराब दुकान पर पथराव

खरगोन जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बिष्टान नाके पर शनिवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब आदिवासी समाज के लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर चित्तौड़गढ़–भुसावल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित भीड़ ने एक यात्री बस और शासकीय शराब दुकान पर पथराव किया, जिसके बाद हालात काबू में करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।

यह विवाद करीब 15 दिन पहले हुई एक सड़क दुर्घटना से जुड़ा है। परिजनों का आरोप है कि शराब ठेकेदार के कर्मचारियों के वाहन ने एक युवक को टक्कर मार दी थी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके इलाज में अब तक लगभग 15 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। इसी राशि के मुआवजे की मांग को लेकर समाज के लोग सड़क पर उतर आए और हाईवे जाम कर दिया।

चक्काजाम के दौरान प्रदर्शन उग्र हो गया। भीड़ ने वहां से गुजर रही एक यात्री बस पर पत्थर फेंके और पास स्थित शासकीय शराब दुकान की ओर बढ़ते हुए पथराव किया। स्थिति बिगड़ने पर मौके पर मौजूद पुलिस बल ने हल्का लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। पुलिस ने इस मामले में तीन से चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर समझाइश दी और काफी प्रयासों के बाद चक्काजाम समाप्त कराकर यातायात बहाल कराया। फिलहाल क्षेत्र में शांति बनी हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com