उत्तर प्रदेश: ब्लैकमेलिंग से टूटी शादी, लोकलाज के भय में छात्रा ने दी जान: आरोपी गिरफ्तार

सिद्धार्थनगर: जिले के शिवनगर डिडई थाना क्षेत्र से एक विचलित करने वाली घटना सामने आई है. यहाँ एक नाबालिग छात्रा ने प्रेमजाल, दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग से तंग आकर मौत को गले लगा लिया. आरोप है कि कॉलेज प्रबंधक के भतीजे ने छात्रा के आपत्तिजनक वीडियो वायरल कर उसकी शादी तुड़वा दी थी, जिससे आहत होकर उसने सोमवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
डेढ़ साल तक शोषण और ब्लैकमेलिंग का खेल
मृतका के परिजनों के अनुसार, करमहिया गांव की रहने वाली इंटर की छात्रा क्षेत्र के ही एक इंटर कॉलेज में पढ़ती थी. वहाँ कॉलेज प्रबंधक के भतीजे शिखर शुक्ला ने उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया. आरोप है कि आरोपी पिछले डेढ़ साल से छात्रा का शारीरिक शोषण कर रहा था. इस दौरान उसने चोरी-छिपे छात्रा के आपत्तिजनक वीडियो बना लिए और कॉल रिकॉर्डिंग भी कर ली. इन वीडियो के दम पर वह छात्रा को लगातार डराने-धमाने लगा, जिससे परेशान होकर पीड़िता ने स्कूल जाना छोड़ दिया था.
ससुराल भेजे वीडियो, टूट गया रिश्ता
बेटी की मानसिक स्थिति देख पिता ने उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी थी. जब इसकी भनक आरोपी शिखर को लगी, तो उसने छात्रा के होने वाले ससुराल वालों को आपत्तिजनक वीडियो और ऑडियो क्लिप भेज दिए. इसके चलते छात्रा का रिश्ता टूट गया. इस घटना ने छात्रा को मानसिक रूप से पूरी तरह तोड़ दिया.
पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल
मृतका के पिता ने स्थानीय पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि जब वे पहली बार शिकायत लेकर थाने पहुंचे, तो पुलिस ने उनकी बात सुनने के बजाय प्रार्थना पत्र फाड़ दिया और प्रभाव में आकर हल्की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को छोड़ दिया था. थक-हारकर पिता ने उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई, जिसके बाद मामले में सख्ती बढ़ी. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी शिखर शुक्ला को 12 तारीख को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था.
लोकलाज के भय से छात्रा ने दी जान
अपमान और लोकलाज के गहरे घाव छात्रा के मन में घर कर चुके थे. सोमवार रात उसने अपने कमरे में पंखे से लटककर जान दे दी. मंगलवार सुबह जब दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों ने खिड़की से देखा तो उनके होश उड़ गए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है.











