शहपुरा बायपास के रोड ओवरब्रिज पर वाहनों की आवाजाही बंद, मार्ग डायवर्ट फिर भी मगरमुहां पर बने टोल पर वसूल रहे हैं टैक्स

जबलपुर। जबलपुर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग 45 में शहपुरा बायपास का रोड ओवरब्रिज (आरओबी) का एक बड़ा हिस्सा गत रविवार को ढह गया, जिसके बाद ब्रिज से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद कर दी गई है।
दोनों ओर से वाहनों को आने-जाने के लिए मार्ग परिवर्तित किए गए हैं, इसके बाद भी शहपुरा के दो किलोमीटर पहले मगरमुहां पर बने टोल पर वाहनों से पैसा लिया जा रहा है।
भोपाल की तरफ जाने के लिए पांच किमी फेरा लगाना पड़ रहा
टोल नाका चालू होने से वाहन चालक खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। एक तो उन्हें भोपाल की तरफ जाने के लिए शहर के भीतर आबादी वाले मार्ग से पांच किलोमीटर लंबा फेरा लगाना पड़ रहा है। जाम में यह आधे घंटे से ज्यादा वक्त लग रहा है, इसके बाद भी टोल लेने पर वे नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।
इधर एनएचएआइ प्रशासन की तरफ से प्रस्ताव मिलने का इंतजार कर रहा है ताकि उसके आधार पर केंद्रीय स्तर पर टोल माफ या कम करने पर विचार किया जा सके।
हर दिन 10 लाख रुपये का कलेक्शन
मगरमुहां टोल का ठेका श्री साईं इंटरप्राइजेज को मिला हुआ है। टोल कर्मचारी जानकारी होने के बाद भी टोल की राशि वसूल कर रहे हैं। बड़े वाहनों से भी टोल लिया जा रहा है। इस संबंध में टोल मैनेजर आर्यन द्विवेदी ने कहा कि ब्रिज जिस समय टूटा था उस दौरान थाने से भारी वाहनों को रोकने के आदेश थे। तभी वाहनों को वापस लौटाया गया था ताकि वाहनों का दबाव न बढ़े। उसके बाद टोल बंद करने के लिए कोई आदेश नहीं मिले हैं।
बता दें कि इस टोल से औसत हर दिन करीब 10 लाख रुपये वाहनों से मिलते हैं। एनएचएआइ के प्रोजेक्ट डॉयरेक्टर अमृत लाल साहू ने कहा कि वाहन सड़क का इस्तेमाल कर रहे हैं, इसलिए टोल लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन से यदि टोल को लेकर कोई प्रस्ताव मिलता है तो उसे केंद्रीय स्तर पर भेजा जाएगा।
वहां से निर्देश मिलने पर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि संभव है कि सड़क का कुछ हिस्सा बंद होने से टोल की राशि कम कर दी जाए।
टोल से बढ़े तो परेशानी बढ़ी
वाहनों को टोल में पैसा देने के बाद जबलपुर से भोपाल की तरफ जाने का सफर बेहद सिरदर्द भरा होता है। चार पहिया वाहन शहपुरा के अंदर से घुस रहे हैं इस वजह से शहपुरा में जाम के हालात बन रहे हैं। शहपुरा शहर के भीतर से कैथरा होते हुए रेल फाटक पर पहले से आरओबी बन रहा है जिस वजह से यहां से निकलना चुनौती भरा है।
आलम ये है कि शहपुरा टाउन की गलियों तक में जाम के हालात बन गए हैं। वाहन चालकों को यहां से निकलने में 30 मिनट से ज्यादा का समय लग रहा है। वहीं भारी वाहनों के लिए चरगवां और पाटन का मार्ग रखा गया है।
टोल संचालक नरसिंहपुर और करेली की तरफ जाने वाले भारी वाहनों को ही टोल से आगे जाने दे रहे हैं, भोपाल मार्ग जाने वालों को जबलपुर अंधमूक बायपास के पास ही बोर्ड लगाकर मार्ग बंद होने की जानकारी दी जा रही है।











