अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम का ग्रामीणों ने किया विरोध, धमतरी कलेक्ट्रेट में फूटा गुस्सा

धमतरी जिले के सिहावा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जैतपुरी में वन विभाग द्वारा की गई अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। कार्रवाई से नाराज बड़ी संख्या में ग्रामीण धमतरी कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए डीएफओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस विरोध प्रदर्शन को कांग्रेस नेताओं का भी समर्थन मिला।

ग्रामीणों ने लगाए जबरदस्ती और मारपीट के आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग की टीम गांव पहुंची और लोगों को जबरन घरों से बाहर निकालकर अपने साथ ले गई। ग्रामीणों का कहना है कि कार्रवाई के दौरान गांव में भय और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं वन विभाग की ओर से लगाए गए मारपीट के आरोपों को ग्रामीणों ने पूरी तरह खारिज कर दिया है।

उदंती सीता नदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र का मामला

जानकारी के मुताबिक पूरा मामला उदंती सीता नदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र के ग्राम जैतपुरी का है। यहां गरियाबंद डीएफओ अपनी टीम के साथ कथित अतिक्रमण हटाने पहुंचे थे। इसी दौरान ग्रामीणों और वन विभाग की टीम के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि हंगामे के बीच डीएफओ बाल-बाल बच गए, जबकि कई ग्रामीणों को चोटें आने की बात भी सामने आई है।

कलेक्ट्रेट पहुंचकर जताया विरोध

घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण धमतरी कलेक्ट्रेट पहुंचे और वन विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभाग ने बिना किसी पूर्व समझाइश और वैकल्पिक व्यवस्था के सख्त कार्रवाई की, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।

कांग्रेस ने प्रशासन से की निष्पक्ष जांच की मांग

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भी ग्रामीणों का समर्थन किया। कांग्रेस पदाधिकारियों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com