छत्तीसगढ़ में डबल असर: खाद महंगी होने की चेतावनी, पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ते ही मचा हड़कंप

छत्तीसगढ़ में किसानों और आम जनता के लिए बड़ी खबर सामने आई है। एक तरफ खाद की कीमतों में बढ़ोतरी की आशंका जताई गई है, वहीं दूसरी ओर पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने के बाद प्रदेशभर में कई फ्यूल स्टेशनों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं। सरकार ने लोगों से अफवाहों से बचने और घबराकर खरीदारी नहीं करने की अपील की है।

खाद की कीमतों पर कृषि मंत्री का बड़ा बयान

छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने खाद की कीमतों को लेकर बड़ा बयान दिया है। मंत्री ने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों और अंतरराष्ट्रीय संकट का असर उर्वरकों की कीमतों पर पड़ सकता है, जिससे आने वाले समय में फर्टिलाइजर महंगा हो सकता है।

उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि उन्हें मानसिक रूप से तैयार रहना चाहिए, क्योंकि अधिकांश खाद विदेशों से आयात किया जाता है और राज्य में इसका पर्याप्त उत्पादन नहीं होता। मंत्री ने किसानों को जैविक और प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ने की सलाह भी दी।

पेट्रोल-डीजल महंगा, पंपों पर उमड़ी भीड़

इधर देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बाद छत्तीसगढ़ में भी असर साफ दिखाई दिया। राजधानी रायपुर में पेट्रोल 103.58 रुपये और डीजल 96.57 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया।कीमत बढ़ने की खबर फैलते ही कई पेट्रोल पंपों पर वाहन चालकों की लंबी कतारें लग गईं। अफवाहों के बीच लोग टंकी फुल करवाने के लिए पंपों पर पहुंचते नजर आए।

अफवाहों के बीच प्रशासन अलर्ट

स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने साफ किया है कि राज्य में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें।

मुख्यमंत्री की जनता से खास अपील

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी ऑयल डिपो में नियमित रूप से ईंधन की आपूर्ति जारी है और वितरण व्यवस्था पूरी तरह सुचारू है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com