छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज: बादल, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट, 17 मई से हीटवेव की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में शुक्रवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहे, जिससे मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आया। गुरुवार को दिनभर और रात में उमस ने लोगों को परेशान किया, वहीं अब मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है।

अगले चार दिन मौसम रहेगा बदला-बदला

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के एक-दो स्थानों पर अगले चार दिनों तक बादल गरजने, बिजली चमकने और तेज हवा चलने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने के संकेत भी दिए गए हैं।

17 मई से हीटवेव का खतरा

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 17 मई से मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में ग्रीष्म लहर यानी हीटवेव चल सकती है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय सावधानी बरतने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।

प्रदेश में कई जगह हुई बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेण्ड्रा रोड में 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

मौसम बदलने की क्या है वजह?

मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से करीब 1.5 किलोमीटर ऊपर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा पूर्व-पश्चिम द्रोणिका दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश से लेकर दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार होते हुए उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम तक फैली हुई है। इसी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com