सोनभद्र में शादी की खुशियां मातम में बदलीं, तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक सवार को रौंदा; मौके पर ही मौत!

सोनभद्र जिले के हाथीनाला थाना क्षेत्र अंतर्गत हथवानी गांव के पास शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. एक अनियंत्रित टैंकर ने बाइक सवार युवक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने घेराबंदी कर टैंकर को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक फरार होने में कामयाब रहा.

मृतक की पहचान अनिल कुमार, निवासी रानीताली के रूप में हुई है. परिजनों के मुताबिक, अनिल शुक्रवार शाम करीब 4 बजे अपने घर से रेणुकूट के लिए निकला था. जैसे ही वह हाथीनाला क्षेत्र के हथवानी गांव के मोड़ के पास पहुँचा, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार टैंकर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनिल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
पुलिस की कार्रवाई
सड़क पर शव पड़ा देख स्थानीय राहगीरों ने तत्काल हथवानी ग्राम प्रधान आनंद यादव को सूचित किया। ग्राम प्रधान की सूचना पर हाथीनाला थाना प्रभारी नागेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार टैंकर का पीछा किया और उसे पकड़ लिया, हालांकि चालक वाहन छोड़कर भागने में सफल रहा.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेज दिया है.
शादी वाले घर में पसरा सन्नाटा
इस हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है. बताया जा रहा है कि मृतक अनिल कुमार की इसी महीने शादी होने वाली थी। घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस हृदयविदारक घटना के बाद खुशियां मातम में बदल गई हैं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
“घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। टैंकर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है. मामले में विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.”











