‘घर नहीं छोड़ेंगे’… कैनाल रोड सर्वे के विरोध में भड़के लोग, निगम कार्यालय का किया घेराव

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में प्रस्तावित कैनाल रोड 2.0 परियोजना को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध तेज हो गया है। गुरुमुख नगर पचपेड़ी नाका से भाटागांव तक बनाई जाने वाली सड़क के लिए कई मकानों को हटाने की तैयारी की जा रही है, जिससे प्रभावित परिवारों में नाराजगी बढ़ गई है।
नगर निगम पहुंचे पीड़ित परिवार, जमकर किया प्रदर्शन
बेघर होने के डर से परेशान सैकड़ों परिवार सोमवार को नगर निगम कार्यालय पहुंच गए और परियोजना के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए निगम का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वर्षों से बसे परिवारों को बिना उचित प्रक्रिया अपनाए हटाने की कोशिश की जा रही है।
‘30 फीट जगह मौजूद, फिर 80 फीट सड़क क्यों?’
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जहां पहले से करीब 30 फीट जगह उपलब्ध है, वहां अनावश्यक रूप से 80 फीट चौड़ी सड़क बनाने का प्रावधान रखा गया है। उनका कहना है कि सड़क चौड़ीकरण के नाम पर हजारों लोगों की जिंदगी प्रभावित की जा रही है।
विस्थापन नियमों की अनदेखी का आरोप
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने निगम प्रशासन पर विस्थापन नियमों की अनदेखी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि करीब 40 साल से यहां रह रहे परिवारों को बिना नोटिस और बिना पुनर्वास योजना के हटाने की तैयारी की जा रही है।











