हाथरस: मुरसान में 2 वर्षीय मासूम की सड़क दुर्घटना में हुई मौत, आक्रोशित परिजनों ने हाईवे जाम कर थाने पर किया जमकर पथराव

हाथरस: मुरसान क्षेत्र के मढ़ैया मोहल्ले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 2 वर्षीय मासूम की मौत हो गई.
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया, सड़क जाम कर दी और आरोपियों को उनके हवाले करने की मांग को लेकर पुलिस से नोकझोंक व धक्का-मुक्की के साथ पथराव भी किया। हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठीयां फटकार कर भीड़ को खदेड़ना पड़ा.
आपको बतादें की मुरसान के मढ़ैया मोहल्ला निवासी 2 वर्षीय यश अपने घर के बाहर खेल रहा था। तभी तेज रफ्तार से आ रही एक अर्टिगा कार ने उसे रौंद दिया। हादसे के बाद परिजन बच्चे को हाथरस के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से उसे बागला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में अलीगढ़ ले जाते समय रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया.

मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में लोग मुरसान कोतवाली पहुंच गए. गुस्साए लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए मथुरा-बरेली मार्ग पर जाम लगा दिया, जो करीब डेढ़ घंटे तक लगा रहा। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर समझा-बुझाकर लोगों को सड़क से हटाया.

आक्रोशित लोगों की मांग थी कि हादसे के जिम्मेदार आरोपियों को उनके हवाले किया जाए। इसी बात को लेकर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच पहले नोकझोंक हुई और फिर धक्का-मुक्की शुरू हो गई. स्थिति तब और बिगड़ गई जब कुछ लोग पास के रेलवे ट्रैक से पत्थर उठाकर थाने पर पथराव करने लगे.
करीब 15 मिनट तक पथराव होता रहा, जिससे थाने का बोर्ड टूट गया और अंदर खड़ी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा पूरी सड़क पत्थरों से भर गई। पथराव में कुछ पुलिसकर्मी और कई अन्य लोग घायल हो गए है.

हालात बेकाबू होते देख छह थानों की फोर्स मौके पर बुलानी पड़ी। पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को खदेड़ा और स्थिति को नियंत्रित किया. पथराव और जाम लगाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. एएसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि दुर्घटना करने वाले कार चालक व परिचालक को हिरासत में ले लिया है और कार भी कब्जे में ले ली है. वही उपद्रव करने वाले कुछ लोगों की पहचान कर ली गई है और तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है.
पुलिस ने मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.











