दुर्ग पुलिस से नहीं डरता कहने वाला NSUI नेता अडंरग्राउंड:कल्याण-कॉलेज के प्रिंसिपल को जूते की माला पहनाने की कोशिश की थी, 2 गिरफ्तार

दुर्ग जिले के कल्याण कॉलेज के प्रिंसिपल को जूते की माला पहनाने का प्रयास करने वाले NSUI नेता को पुलिस ढूंढ रही है। दरअसल 9 दिसंबर को NSUI नेताओं ने प्राचार्य पर महिला कर्मचारियों को गाली देने का आरोप लगाते हुए उनके ऑफिस में बलपूर्वक घुसकर हंगामा किया और उनसे माफी की मांग की।

इस दौरान भिलाई नगर विधायक प्रतिनिधि आकाश कनौजिया ने प्रिंसिपल डॉ. विनय शर्मा पर पर्चे फेंके और टेबल पर रखे नेम प्लेट पर स्याही पोती। इस दौरान आकाश लगातार प्राचार्य को जलील करता रहा। मौके पर पहुंची पुलिस को आकाश ने कहा कि NSUI की यही तरीका है। वो पुलिस से नहीं डरता और FIR उसके लिए मेडल के सामान है।

पुलिस ने 7 के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इनमें 2 आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा है। वहीं, पुलिस से नहीं डरता कहने वाला विधायक प्रतिनिधि आकाश कनौजिया फिलहाल पुलिस की पकड़ से बाहर है। जिसकी तलाश जारी है।

आकाश कनौजिया को ढूंढ रही पुलिस

मामला भिलाई नगर थाना क्षेत्र का है। कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सेक्टर-7 में 9 दिसंबर को एनएसयूआई के हंगामा के बाद पुलिस ने आरोपी छात्र नेताओं को पकड़ना शुरू कर दिया है।

प्राचार्य से दुर्व्यवहार और गाली-गलौज करने वाले लीडर और भिलाई नगर विधायक प्रतिनिधि आकाश कनौजिया को पुलिस ढूंढ रही है। बताया जा रहा है कि वह अंडर ग्राउंड हो चुका है।

पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। आकाश ने प्राचार्य से कहा था कि वो पुलिस ने नहीं डरता और FIR उसके लिए मेडल के सामान है। शुक्रवार (12 दिसंबर) को पुलिस ने आकाश कनौजिया के दो साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इसमें हरदीप पात्र और दीपक पाल शामिल हैं।

आधे घंटे तक प्राचार्य को करते रहे जलील

एनएसयूआई के प्रदेश सचिव और भिलाई नगर विधायक प्रतिनिधि आकाश कनौजिया अपने साथियों के साथ चतुर्थ वर्ग की दो महिला कर्मचारियों को दोबारा नौकरी पर रखने और उनसे सार्वजनिक माफी मांगने की मांग को लेकर प्राचार्य के पास पहुंचे थे।

आकाश कनौजिया ने गार्ड को धक्का मारते हुए बलपूर्वक प्राचार्य कक्ष में प्रवेश करते हुए प्रिंसिपल डॉ. विनय शर्मा पर पर्चे फेंके और टेबल पर रखे नेम प्लेट पर स्याही पोती।

इस दौरान आकाश लगातार प्राचार्य को जलील करता रहा और उन्हें जूते-चप्पलों की माला पहनाने की कोशिश की। इतना ही नहीं प्राचार्य को कुर्सी से उठने को लेकर लगातार दबाव बना रहा था।

पुलिस से कहा था – एनएसयूआई का यही तरीका है

एनएसयूआई के पदाधिकारी प्राचार्य डॉ. शर्मा के केबिन में करीब 20 मिनट तक हंगामा करते रहे। जब भिलाई नगर पुलिस कॉलेज पहुंची और इस तरह के प्रदर्शन को लेकर कहा कि यह तरीका ठीक नहीं है तो नेताओं ने कहा था कि एनएसयूआई का यही तरीका है।

पुलिस ने इसके बाद सभी छात्र नेताओं को बलपूर्वक प्राचार्य के केबिन के बाहर निकाला। इसके बाद शाम को प्राचार्य ने थाने में लिखित शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने एनएसयूआई के नेताओं के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया।

7 लोगों के खिलाफ नामजद है मामला दर्ज

कल्याण कॉलेज के प्राचार्य ने भिलाई नगर थाना में आवेदन दिया था कि प्राचार्य कक्ष में परीक्षा का फॉर्म परीक्षण और हस्ताक्षर का कार्य चल रहा था तभी महाविद्यालय के पूर्व छात्र आकाश कनौजिया और उसके साथी नारेबाजी करते हुए कॉलेज के अंदर आए।

उन्होंने अनाधिकृत रूप से प्रवेश कर अश्लील गाली-गलौज की। प्राचार्य ने एनएसयूआई के 7 नेताओं के साथ अन्य के खिलाफ लिखित शिकायत की थी। इसके बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध पंजीबद्ध किया था।

इनमें दीपक पाल, आनंद यदु, नितेश गुप्ता, आशीष कालो, भौमित पटेल, अंशुल शर्मा एवं अन्य छात्र शामिल है।

सीएसपी बोले- तेजी से की जा रही अन्य आरोपियों की तलाश

भिलाई नगर सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने जानकारी दी है कि प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना भिलाई नगर में धारा 191(2), 221, 296, 324(1), 61(2) बी.एन.एस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की पता तलाशी की जा रही है।

प्रकरण में शामिल 2 आरोपी दीपक पाल और हरदीप पात्रे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। अन्य फरार आरोपियों की पतासाजी सरगर्मी से की जा रही है।

प्राचार्य के समर्थन में उतरा एबीवीपी, कहा- हम सब आपके साथ

इधर कल्याण कॉलेज में एनएसयूआई के हंगामा के बाद छात्र संगठन एबीवीपी ने प्राचार्य डॉ. विनय शर्मा के समर्थन में मोर्चा खोल दिया है। एबीवीपी के नागेश्वर समेत अन्य छात्रों ने प्राचार्य को आवेदन सौंपा है और इस कृत्य में शामिल कॉलेज के अध्यनरत छात्रों का प्रवेश रद्द करने की मांग की है।

साथ ही बाहरी लोगों के कॉलेज में प्रवेश रोक और दुर्व्यवहार करने वाले युवकों पर कार्रवाई की मांग की है। एबीवीपी का कहना है कि प्राचार्य के साथ इस तरह का व्यवहार लोकतांत्रिक नहीं बल्की गुंडागर्दी है।

close