बिहार: एनटीपीसी में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन से अर्थव्यवस्था को मिलेगी सकारात्मक गति- जिलाधिकारी

औरंगाबाद: एनटीपीसी में संचालित विकासात्मक एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से संबंधित कार्यों का निरीक्षण जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा किया गया.
निरीक्षण का उद्देश्य एनटीपीसी के माध्यम से जिले में संचालित योजनाओं की प्रगति का जायजा लेना तथा भविष्य में प्रस्तावित परियोजनाओं के माध्यम से स्थानीय विकास एवं रोजगार सृजन की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा करना था.
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी को एनटीपीसी अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि एनटीपीसी द्वारा नवीनगर एवं बारुण प्रखंड के कुल 11 गांवों में सड़कों का निर्माण कार्य कराया जा रहा है. इसके अतिरिक्त नवीनगर स्टेडियम का निर्माण, मंझियावां एवं टेटरहर में खेल मैदानों का विकास किया जा रहा है.
सामुदायिक आधारभूत संरचना के तहत महुआवां एवं बडेम में सामुदायिक भवन तथा शिवनपुर, अंकोरहा एवं बाघी में विभिन्न केंद्रों का निर्माण कराया गया है.
वहीं रघुनाथपुर एवं सलैया में विद्यालय भवनों का निर्माण कार्य भी एनटीपीसी द्वारा कराया गया है. स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में अंकोरहा में अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण, जिले के 24 गांवों में मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) के माध्यम से निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन तथा औरंगाबाद जिले में टीबी रोगियों के लिए पोषण आहार (फूड बास्केट) उपलब्ध कराया जा रहा है. जल एवं प्रकाश व्यवस्था के अंतर्गत आसपास के गांवों में चापाकल अधिष्ठापन का कार्य किया गया है, जिनमें 220 चापाकल अधिष्ठापनाधीन हैं. साथ ही 4 हाई मास्ट लाइट्स का अधिष्ठापन कार्य प्रगति पर है. इसके अतिरिक्त 22 गांवों में 419 सोलर स्ट्रीट लाइट्स तथा 21 हाई मास्ट लाइट्स अधिष्ठापन की योजना प्रस्तावित है. शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में ग्रामीण विद्यालयों में बेंच-डेस्क एवं खेल सामग्री उपलब्ध कराई गई है. 17 विद्यालयों के 375 छात्रों के लिए ग्रामीण खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है.
इसके अलावा विगत दो वर्षों से 40 बालिकाओं के लिए ‘जीएएम’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है. एनटीपीसी द्वारा अब तक सामुदायिक विकास एवं सीएसआर मद में 72 करोड़ से अधिक की राशि व्यय की जा चुकी है. एनटीपीसी द्वारा संचालित सीएसआर कार्यों के अतिरिक्त नवीनगर स्टेज-ll परियोजना से स्थानीय स्तर पर प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन की संभावना है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को सकारात्मक गति मिलेगी. इस अवसर पर जिलाधिकारी ने एनटीपीसी की वर्तमान एवं प्रस्तावित परियोजनाओं से जिले में उत्पन्न होने वाले रोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा एनटीपीसी अधिकारियों के साथ जिले के युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के विषय पर गहन विचार-विमर्श किया.
जिलाधिकारी ने एनटीपीसी के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के स्थानीय लोगों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि क्षेत्रीय स्तर पर आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिल सके. उन्होंने यह भी कहा कि एनटीपीसी द्वारा संचालित विकासात्मक एवं औद्योगिक गतिविधियों का लाभ जिले के आम नागरिकों तक सुनिश्चित रूप से पहुंचे, इसके लिए जिला प्रशासन के साथ सतत समन्वय बनाकर कार्य किया जाए.
अंत में जिलाधिकारी ने एनटीपीसी द्वारा जिले में किए जा रहे विकासात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए आशा व्यक्त की कि आने वाले समय में और भी व्यापक स्तर पर योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाएगा, जिससे औरंगाबाद जिले के समग्र एवं संतुलित विकास को नई गति प्राप्त होगी.









