केंद्र सरकार ने युवाओं को बजट और नीतियों से जोड़ने के लिए शुरू किया ‘MY भारत बजट क्वेस्ट 2026’

केंद्र सरकार ने देश के युवाओं को केंद्रीय बजट और आर्थिक नीतियों से सीधे जोड़ने के लिए ‘MY भारत बजट क्वेस्ट 2026’ की शुरुआत की है। केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने इस पहल का उद्घाटन करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य युवाओं को बजट की बारीकियों से परिचित कराना और उन्हें देश के विकास में भागीदार बनाना है।

डॉ. मांडविया ने कहा कि आज का युवा केवल पढ़ाई और नौकरी तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की दिशा और नीतियों पर असर डालना चाहता है। इसी सोच के तहत यह प्रतियोगिता आयोजित की गई है, ताकि युवा बजट को सिर्फ़ आंकड़ों के रूप में न देखें, बल्कि अपनी रोज़मर्रा की ज़िंदगी से जोड़कर समझ सकें।

प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए युवाओं का MY भारत पोर्टल (mybharat.gov.in) पर रजिस्ट्रेशन जरूरी है। पहला चरण राष्ट्रीय स्तर का ऑनलाइन क्विज़ होगा, जिसमें बजट 2026 से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। इस चरण में भाग लेने की अंतिम तारीख 17 फरवरी है।

पहले चरण में अच्छा प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी दूसरे चरण के लिए चुने जाएंगे, जो 17 फरवरी से 3 मार्च तक निबंध लेखन पर आधारित होगा। इसमें युवाओं को बजट से जुड़े 8 विषय दिए जाएंगे, जिनमें वे अपने विचार, सुझाव और सपने व्यक्त कर सकेंगे।

निबंधों का मूल्यांकन 3 से 10 मार्च के बीच किया जाएगा और 10 मार्च को राज्य और केंद्र शासित प्रदेश स्तर की मेरिट लिस्ट जारी होगी। विजेताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वर्चुअल बातचीत का अवसर मिलेगा, जिसमें वे सीधे बजट और विकसित भारत के विषय पर चर्चा कर सकेंगे।

डॉ. मांडविया ने कहा कि इस पहल के जरिए युवा नीति निर्माण में शामिल हो सकेंगे और उनके सुझावों को आर्थिक नीतियों में शामिल किया जा सकेगा। सरकार का मानना है कि जब युवा समझदारी से बजट को समझेंगे और सुझाव देंगे, तो देश की नीतियां अधिक मजबूत और प्रभावी होंगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com