सूरजपुर पुलिस का डबल प्रहार: सरिया गबन से करोड़ों की संपत्ति तक खुला खेल, तो जंगल में कोयला तस्करी की भी खुली पोल

सूरजपुर: जिले में अपराध और अवैध कारोबार के खिलाफ सूरजपुर पुलिस ने एक साथ दो बड़ी और प्रभावी कार्रवाइयों को अंजाम देकर अपराधियों के नेटवर्क को जोरदार झटका दिया है. एक ओर जहां सरिया की अमानत में बेईमानी कर करोड़ों की संपत्ति खड़ी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, वहीं दूसरी ओर जंगल में लावारिस हालत में खड़े पिकअप वाहन से 3 टन अवैध कोयला बरामद कर तस्करी के खेल को बेनकाब किया गया है.

पहला मामला थाना सूरजपुर क्षेत्र का है. ग्राम नयनपुर निवासी अमित पाण्डेय ने 14 जनवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके यू.बी. वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड प्लाट से ट्रक के माध्यम से उत्तरप्रदेश भेजे गए 30 टन 160 किलो सरिया को चालक ने बेईमानीपूर्वक गायब कर दिया. सरिया की कीमत लगभग 15 लाख 23 हजार रुपये बताई गई. रिपोर्ट पर थाना सूरजपुर में अपराध क्रमांक 23/2026 धारा 316(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन एवं एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने छत्तीसगढ़, उत्तरप्रदेश, बिहार, झारखंड और मध्यप्रदेश के कई जिलों के टोल प्लाजा व प्रमुख स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी तक पहुंच बनाई.
जांच में सामने आया कि ट्रक चालक ने फर्जी आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस का इस्तेमाल किया था। आरोपी का असली नाम मनीष यादव निकला, जिसे मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपने साथी सूरज सोनी और मनीष सिंह परिहार के साथ मिलकर सरिया को सतना में 12 लाख रुपये में बेचने की बात स्वीकार की। इसी रकम से सेकेंड हैंड ट्रक और मोबाइल खरीदे गए थे.
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल तीन ट्रक, मोबाइल फोन, फर्जी दस्तावेज और अन्य सामग्री जप्त की, जिसकी कुल कीमत लगभग 1 करोड़ 50 लाख रुपये आंकी गई है. तीनों आरोपियों को 1 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ बीएनएस की कई गंभीर धाराएं जोड़ी गई हैं.
दूसरी ओर, अवैध कारोबार के खिलाफ जारी अभियान के तहत चौकी खड़गवां पुलिस को बड़ी सफलता मिली. 1 फरवरी की रात मुखबिर से सूचना मिली कि प्रतापपुर-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर खड़गवां जंगल के पास एक बिना नंबर का पिकअप वाहन लावारिस हालत में खड़ा है. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तलाशी ली तो वाहन में करीब 3 टन पत्थर कोयला लोड पाया गया, जिसकी कीमत लगभग 15 हजार रुपये बताई गई.
मामले में धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्यवाही करते हुए पिकअप वाहन और कोयला जप्त कर लिया गया है. फिलहाल वाहन मालिक और कोयला तस्करी से जुड़े लोगों की तलाश जारी है. लगातार की गई इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि सूरजपुर पुलिस अपराध, गबन और अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है और आने वाले दिनों में ऐसे तत्वों पर और भी बड़ी कार्रवाई तय मानी जा रही है.










