10 साल बाद रायपुर में लौटेगा आईपीएल, मई में होंगे दो बड़े मुकाबले

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक बार फिर क्रिकेट का बड़ा आयोजन होने जा रहा है। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के दूसरे चरण में शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम को दो महत्वपूर्ण मैचों की मेजबानी मिली है, जिससे शहर में क्रिकेट प्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला खेला जाएगा, जबकि 13 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स आमने-सामने होंगी। लंबे समय बाद शहर में आईपीएल मैचों की वापसी को लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है।

इस बार रायपुर को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का दूसरा होम ग्राउंड बनाया गया है। पहले इन मैचों के अप्रैल में होने की संभावना थी, लेकिन स्टेडियम के उन्नयन कार्यों और तकनीकी तैयारियों के चलते मुकाबलों को मई में आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

मैचों को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम में कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। पवेलियन को नया और आकर्षक रूप दिया जा रहा है, वीआईपी गैलरी के ग्लास बदले जा रहे हैं और प्रवेश के लिए स्कैनर आधारित सिस्टम लागू किया जाएगा। साथ ही सुरक्षा और दर्शकों की सुविधाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप बनाया जा रहा है।

आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए टीम प्रबंधन भी रायपुर पहुंच चुका है और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस आयोजन से न केवल खेल प्रेमियों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे, बल्कि शहर की पहचान भी राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com