राहुल गांधी केस की सुनवाई टली,अब शनिवार को होगी सुनवाई

सुल्तानपुर : सुल्तानपुर जिले की MP/MLA कोर्ट में राहुल गांधी के खिलाफ अमित शाह पर अभद्र टिप्पणी मामले की सुनवाई शुक्रवार को होनी थी.रामनवमी के अवकाश के कारण यह सुनवाई टल गई है.अब इस मामले पर शनिवार को सुनवाई होगी.हाईकोर्ट के आदेश पर दीवानी न्यायालय में अवकाश घोषित किया गया था.इससे पहले, 23 मार्च को भी वादी मुकदमा, भाजपा नेता विजय मिश्रा की अनुपस्थिति के कारण सुनवाई स्थगित हो गई थी.
वादी के अधिवक्ता संतोष पांडेय ने पिछली पेशी पर अदालत में एक प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया था.इसमें राहुल गांधी के बयानों के ऑडियो और वीडियो साक्ष्यों का उनकी असली आवाज से मिलान कराने की मांग की गई है. इस प्रार्थना पत्र पर शनिवार को बहस होने की संभावना है.भाजपा नेता विजय मिश्रा ने यह परिवाद अक्टूबर 2018 में दर्ज कराया था.
इस मामले में राहुल गांधी ने 20 फरवरी 2024 को कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था.विशेष मजिस्ट्रेट ने उन्हें 25-25 हजार रुपए के दो मुचलकों पर जमानत प्रदान की थी। राहुल गांधी ने 26 जुलाई 2024 को एक बार फिर एमपी/एमएलए कोर्ट में उपस्थित होकर अपना बयान दर्ज कराया था.
उन्होंने खुद को निर्दोष बताते हुए इस मामले को एक राजनीतिक साजिश करार दिया था.राहुल गांधी के बयान के बाद, कोर्ट ने वादी पक्ष को साक्ष्य प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था, जिसके बाद से लगातार गवाह पेश किए जा रहे थे.20 फरवरी को राहुल गांधी ने एमपी/एमएलए कोर्ट में दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 313 के तहत अपना बयान दर्ज कराया था.
कोर्ट ने उन्हें अपनी बेगुनाही के संबंध में सफाई और साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए 9 मार्च की तिथि निर्धारित की थी। हालांकि, राहुल गांधी के अधिवक्ता काशी प्रसाद शुक्ल ने कोर्ट में कोई सफाई या साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया.इसके बाद कोर्ट ने मामले में बहस के लिए अगली तारीख तय की है.









