ट्रक और पिकअप भिड़ंत के बाद पुलिया से नीचे गिरे:केबिन में फंसा पिकअप ड्राइवर, क्रेन से वाहन हटाते दौरान केमिकल भरे ट्रक में लगी आग

कोटपूतली-बहरोड़ में NH-48 पर ट्रक ने पिकअप को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों वाहन पुलिया से नीचे सर्विस रोड पर जा गिरे। इस हादसे में पिकअप ड्राइवर घायल हो गया, जिसे पावटा उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसा बागावास अहिरान पुलिया के पास मंगलवार सुबह करीब 5 बजे हुआ।
बाभरु थाना अधिकारी प्रदीप सिंह ने बताया – दोनों वाहन दिल्ली से जयपुर की ओर जा रहे थे। इस दौरान बागावास अहिरान पुलिया पर पीछे चल रहे ट्रक ने पिकअप को टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों वाहन बेकाबू होकर पुलिया से नीचे जा गिरे। पुलिया से गिरने पर पिकअप क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर केबिन में ही फंस गया। टक्कर होते ही ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल पिकअप ड्राइवर को बाहर निकाला। घायल को उपजिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
क्रेन से हटाते समय ट्रक में लगी आग
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटाया जा रहा था। इसी दौरान घर्षण के कारण ट्रक में रखे केमिकल ने आग पकड़ ली। सूचना पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।
3 दमकल ने ढाई घंटे में पाया आग पर काबू
फायरमैन दीपक जाट, विकास सेन और नथूराम जाट ने बताया कि आग लगने की सूचना सुबह करीब 5:23 बजे मिली थी। इसके बाद कोटपूतली, पावटा और शाहपुरा से तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के प्रयास लगभग ढाई घंटे तक जारी रहे।
हादसे के बाद कुछ देर तक जाम लगा रहा। फिलहाल हाईवे पर यातायात सुचारू रूप से जारी है। पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।











