दूल्हे बने गणपति, भूत-प्रेत थीम और 20 फीट की प्रतिमा; रायपुर में दिखा अनोखा गणेशोत्सव

रायपुर में गणेशोत्सव की धूम है और इस बार शहर में बप्पा के कई अनोखे रूप देखने को मिल रहे हैं।
कहीं 20 फीट लंबे लेटे हुए गणपति आकर्षण का केंद्र बने हैं, तो कहीं भूत-प्रेत और स्नो थीम पर पंडाल सजाए गए हैं।
रेलवे स्टेशन के पास नहरपारा में प्रयागराज के प्रसिद्ध लेटे हुए हनुमान मंदिर की थीम पर करीब 20 फीट लंबे गणपति की प्रतिमा बनाई गई है। बप्पा को सिंदूरी रंग में लेटे हुए स्वरूप में दिखाया गया है।
रामसागरपारा में बाल गणेश की प्रतिमा को विशाल सफेद भालू पर सवार दिखाया गया है। साथ में भालू के नन्हे शावक भी नजर आ रहे हैं। बच्चों को आकर्षित करने के लिए यहां स्नो थीम तैयार की गई है।
वहीं पंडरी कपड़ा मार्केट में गणपति भगवान शिव की हथेली पर आराम की मुद्रा में नजर आ रहे हैं। शिव के हाथ में रुद्राक्ष की माला है और बप्पा लाल वस्त्रों में सजे हैं।
रेलवे स्टेशन रोड पर रिद्धि-सिद्धि के विवाह प्रसंग की झांकी सजाई गई है। इसमें गणपति दूल्हे के रूप में सजे हैं, जबकि रिद्धि-सिद्धि लाल लहंगे और चुनरी में वधु के रूप में नजर आ रही हैं।
बैरन बाजार में लालबाग के राजा की थीम पर बप्पा को विशाल सिंहासन पर विराजमान किया गया है। सिर पर मराठा शैली की पगड़ी और माथे पर ‘जय भवानी’ का तिलक नजर आ रहा है।
वहीं गुरुनानक चौक के पास शेषनाग पर सवार गणेश जी की झांकी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों के बीच शेषनाग को मूविंग इफेक्ट दिया गया है, जिससे पूरी झांकी जीवंत नजर आती है।
यानी इस बार रायपुर का गणेशोत्सव सिर्फ आस्था ही नहीं, बल्कि अनोखी थीम और शानदार सजावट के लिए भी लोगों का ध्यान खींच रहा है।











