मैहर के मशहूर रेस्टोरेंट में हड़कंप: फ्राइड राइस में निकला जिंदा कीड़ा!

मैहर : धर्मनगरी मैहर के स्टेशन रोड स्थित प्रसिद्ध रेस्टोरेंट ‘बीकानेर एक्सप्रेस’ में गुरुवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ग्राहक की थाली में फ्राइड राइस के साथ जिंदा कीड़ा निकला.इस घटना के बाद ग्राहकों ने जमकर हंगामा किया और रेस्टोरेंट में साफ-सफाई व खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए.

क्या है पूरा घटनाक्रम?

जानकारी के अनुसार, मैहर निवासी शैलेश तिवारी अपने तीन मित्रों के साथ रात करीब 10:30 बजे स्टेशन रोड स्थित बीकानेर एक्सप्रेस रेस्टोरेंट में भोजन करने पहुंचे थे. उन्होंने फ्राइड राइस का ऑर्डर दिया. जैसे ही भोजन शुरू किया, चावल के बीच एक काला कीड़ा रेंगता हुआ दिखाई दिया.इसे देख ग्राहक अवाक रह गए और उन्होंने तत्काल रेस्टोरेंट स्टाफ को बुलाकर इसकी शिकायत की.

काफी देर तक चला हंगामा, स्टाफ ने मांगी माफी
थाली में कीड़ा मिलने की खबर फैलते ही रेस्टोरेंट में मौजूद अन्य ग्राहक भी सतर्क हो गए. पीड़ित पक्ष और अन्य लोगों ने रेस्टोरेंट प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया.स्थिति को बिगड़ता देख रेस्टोरेंट के मैनेजर और वेटर्स ने अपनी गलती स्वीकार की। स्टाफ ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए मामले को शांत करने की कोशिश की, जिसके बाद ग्राहक वहां से रवाना हुए.

श्रद्धालुओं की सेहत के साथ बड़ा खिलवाड़
पीड़ित शैलेश तिवारी ने नाराजगी जताते हुए कहा
स्टेशन रोड एक संवेदनशील इलाका है जहां भारी संख्या में यात्री और नवरात्रि के दौरान दर्शनार्थी भोजन करने आते हैं.ऐसे नामचीन रेस्टोरेंट में इस तरह की गंदगी और लापरवाही चिंताजनक है.यह सीधे तौर पर लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है.

खाद्य विभाग की चुप्पी पर उठ रहे सवाल

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मैहर में बड़े रेस्टोरेंट केवल ‘अंधाधुंध कमाई’ पर ध्यान दे रहे हैं, जबकि किचन की स्वच्छता को दरकिनार कर दिया गया है.हालांकि पीड़ित ने अभी तक आधिकारिक रूप से खाद्य विभाग (Food Department) में लिखित शिकायत नहीं की है, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरों और वीडियो ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा दिए हैं.

क्या खाद्य सुरक्षा विभाग ऐसे होटलों के किचन की नियमित जांच करता है?क्या नवरात्रि जैसे बड़े मेलों से पहले रेस्टोरेंट्स के लिए कोई गाइडलाइन जारी की गई थी?क्या माफी मांग लेने भर से रेस्टोरेंट अपनी जिम्मेदारी से मुक्त हो जाता है?
यह घटना एक चेतावनी है कि ब्रांड के नाम पर भरोसा करने वाले ग्राहकों को सतर्क रहने की जरूरत है.

स्थानीय प्रशासन और खाद्य विभाग को चाहिए कि वे ‘बीकानेर एक्सप्रेस’ जैसे संस्थानों के किचन का औचक निरीक्षण करें और दोषियों पर सख्त जुर्माना लगाएं, ताकि भविष्य में किसी की जान जोखिम में न पङें.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com